Rajya Sabha Update: छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर बिफरा विपक्ष, रास दिन भर के लिए स्थगित
रास दिन भर के लिए स्थगित
Rajya Sabha Update: सरकार ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि वह ‘नीट’ प्रश्नपत्र लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार है जबकि विपक्ष ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ही इस विषय पर चर्चा हो सकती है। इस मुद्दे पर हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही तीन बार के स्थगन के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
तीन बार के स्थगन के बाद अपराह्न तीन बजे बैठक शुरु होने पर सदन में नीट प्रश्नपत्र लीक मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहा। इस बीच आसन की अनुमति से संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा ‘‘कांग्रेस ने चर्चा की मांग की थी। सरकार चर्चा के लिए तैयार है। अब विपक्षी कांग्रेस के सदस्य शर्त रख कर चर्चा टालने की कोशिश कर रहे हैं।’’
उच्च सदन में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा ‘‘आपने कहा है कि नियम 267 का उपयोग दुर्लभ से दुर्लभतम मामलों में किया जाता है। जो घटना हुई है, उससे अधिक दुर्लभ से दुर्लभतम मामला भला और क्या हो सकता है ? बच्चों पर बल प्रयोग किया गया है।’’ इसी दौरान विपक्षी सदस्यों ने हंगामा तेज कर दिया और उपसभापति हरिवंश ने सदन में व्यवस्था बनते न देख बैठक को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया।
इससे पहले ‘नीट’ प्रश्नपत्र लीक मामले पर चर्चा और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर विपक्ष के हंगामे के कारण उच्च सदन की बैठक पहले 11 बजे, फिर 12 बजे और फिर दो बजे भी स्थगित हुई थी। हंगामे की वजह से आज भी उच्च सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया।
