Haryana CET पास युवाओं को मिलेगा 100 घंटे का काम और मानदेय, जानें किसे मिलेगी राहत
CET पास युवाओं को मिलेगा 100 घंटे का काम और मानदेय, जानें किसे मिलेगी राहत
Haryana CET: हरियाणा के बेरोजगार युवाओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) पास करने वाले उन युवाओं को अब आर्थिक मदद दी जाएगी, जिन्हें परीक्षा पास करने के दो साल बाद भी रोजगार नहीं मिल सका है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐलान किया है कि आगामी 1 नवंबर 2026 से ऐसे युवाओं को ‘सक्षम युवा योजना’ के तहत मानदेय और हर महीने 100 घंटे का काम मुहैया कराया जाएगा।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्यभर में कराए गए सर्वे में ऐसे 5 लाख 40 हजार 428 CET पास युवाओं की पहचान की गई है। सरकार इन सभी युवाओं को चरणबद्ध तरीके से योजना का लाभ पहुंचाएगी। मुख्यमंत्री बुधवार को विकसित भारत विजन-2047 के तहत रोजगार, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग तथा हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
फतेहाबाद में बनेगा स्किल एक्सीलेंस सेंटर, AI और रोबोटिक्स पर 20 करोड़ का निवेश
तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद में ‘श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय’ का रीजनल सेंटर खोलने की घोषणा की। इसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा फतेहाबाद, सुल्तानपुर और अन्तेड़ी में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पंचकूला और गुरुग्राम में अत्याधुनिक AI हब तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में लगभग 2 लाख युवाओं को हार्ड स्किल की ट्रेनिंग दी जाएगी। वहीं करनाल, पंचकूला और पानीपत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से AI, रोबोटिक्स तथा ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पारदर्शी भर्ती और डेटा प्रबंधन के लिए अधिकारियों को एक AI-आधारित पोर्टल तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि उद्योगों की मांग के अनुसार कुशल युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके।
हर जिले में बनेगी मॉडल ITI, कई नए ब्लॉकों में खुलेंगे संस्थान
प्रदेश में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी मौजूदा ITI के आधुनिकीकरण का निर्देश दिया है। सरकार का लक्ष्य हर जिले में एक ‘मॉडल ITI’ तैयार करने और प्रत्येक ब्लॉक तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने का है। वर्तमान में राज्य के 143 ब्लॉकों में से 117 में ITI संचालित हो रही हैं।
नेटवर्क का विस्तार करते हुए चरखी दादरी के झोझू कलां, कारीरूपा व रणकौली तथा जींद के पिल्लूखेड़ा में नई ITI खोली जाएंगी। वहीं पंचकूला के बरवाला और कुरुक्षेत्र के बसंतपुर व नलवी खुर्द में भी नए संस्थानों का निर्माण होगा। इसके साथ ही नारनौल स्थित महिला ITI का कायाकल्प कर उसका नवीनीकरण किया जाएगा।
