July 18, 2026

Hisar News: हिसार में अनोखा प्रदर्शन, गंदे पानी में लगाए विधायक के पोस्टर, कुर्सियां डालकर बैठी जनता

0
Hisar News: हिसार में अनोखा प्रदर्शन, गंदे पानी में लगाए विधायक के पोस्टर, कुर्सियां डालकर बैठी जनता

40 साल पुरानी सीवरेज लाइन बनी आफत, हिसार में 5 स्कूलों के बच्चे गंदे पानी से जाने को मजबूर

Hisar News: हरियाणा के हिसार शहर का पॉश और व्यस्त कहा जाने वाला बारह क्वार्टर क्षेत्र इन दिनों ड्रेनेज सिस्टम की नाकामी का सबसे वीभत्स चेहरा देख रहा है। आसमान में धूप खिली है और बारिश का नामोनिशान नहीं है, लेकिन इलाके की मुख्य सड़कें और गलियां सीवरेज के काले-बदबूदार पानी से डूबी हुई हैं।

पिछले दो दिनों से नरक बन चुके हालातों से गुस्साए लोगों के सब्र का बांध शनिवार को आखिरकार टूट गया। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने प्रशासन को जगाने के लिए एक बेहद तीखा और अनोखा तरीका अख्तियार किया। उन्होंने सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच ही अपनी कुर्सियां डाल दीं और धरने पर बैठ गए। इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने पानी के बीच ही स्थानीय विधायक सावित्री जिंदल और मेयर प्रवीण पोपली के पोस्टर गाड़ दिए, जिन पर लिखा था— “इस जलभराव के लिए हम जिम्मेदार हैं।”

बाजार बंद कर प्रदर्शन में कूदे व्यापारी, दी दफ्तर घेरने की चेतावनी

जनता के इस स्वतःस्फूर्त आंदोलन को देखते हुए रोड के तमाम दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए और व्यापार ठप कर प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया।

इस दौरान ‘जवाब दो हिसाब दो’ मंच के बैनर तले ललित भाटिया, राजेंद्र यादव और अनिल कुंडू समेत प्रमुख व्यापारियों ने मौके से ही जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पब्लिक हेल्थ) के एक्सईएन और एसडीओ को फोन खटखटाया। लोगों ने अफसरों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले दो घंटों के भीतर मोटरों के जरिए इस पानी की निकासी का मुकम्मल इंतजाम नहीं किया गया, तो पूरी जनता पब्लिक हेल्थ के दफ्तर का घेराव कर वहीं ताला जड़ देगी।

“घर में बेटी की शादी है, समधियों के सामने कैसे बचेगी इज्जत?”

इस प्रशासनिक लापरवाही की सबसे दर्दनाक तस्वीर बारह क्वार्टर रोड से सटी गांधी कॉलोनी से सामने आई है। यहां की रहने वाली महिलाओं का दर्द बयां करते हुए आंसू छलक पड़े। महिलाओं ने बताया कि घर में बेटी की शादी का उल्लास है, लेकिन बाहर फैले मल-मूत्र के पानी ने खुशियों को चिंता में बदल दिया है।

दूर-दराज से आ रहे मेहमानों को कपड़े समेटकर गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। परिजनों का कहना है कि एक-दो दिन में बारात आने वाली है, अगर मुख्य रास्ता इसी तरह ब्लॉक रहा तो बारात कैसे अंदर आएगी? समधियों और मेहमानों के सामने परिवार की साख मिट्टी में मिल जाएगी।

40 साल पुरानी पाइपलाइन पर हजारों घरों का बोझ, दांव पर बच्चों की सेहत

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस गंभीर समस्या की जड़ 40 साल पुराना और आउटडेटेड हो चुका सीवरेज नेटवर्क है। चार दशक पहले जब यह पाइपलाइन बिछाई गई थी, तब आबादी बेहद सीमित थी। आज यहां हजारों नए मकान खड़े हो चुके हैं और जनसंख्या कई गुना बढ़ गई है, लेकिन सिस्टम को अपग्रेड नहीं किया गया।

पार्षद से लेकर नगर निगम के चक्कर काट-काटकर लोग थक चुके हैं। इस अव्यवस्था की मार इलाके के पांच बड़े स्कूलों— लाहौरिया स्कूल, सुमन स्कूल, आशा स्कूल और न्यू इंडिया कॉन्वेंट के मासूम बच्चों पर पड़ रही है, जो रोज इसी संक्रामक पानी से होकर स्कूल जाने को लाचार हैं।

मेयर बोले- तकनीकी पेंच के कारण फंसा मामला, दोपहर तक सुधरेगी स्थिति

मचे बवाल के बीच हिसार के मेयर प्रवीण पोपली ने सफाई देते हुए कहा कि मामला पूरी तरह उनके संज्ञान में है और उन्होंने सुबह ही अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। मेयर के मुताबिक, कई बार मुख्य सीवरेज लाइन की गाद साफ करने के लिए पीछे से दूसरी कनेक्टिंग लाइनों को रोकना पड़ता है।

बीती रात सफाई के लिए जो लाइन रोकी गई थी, उसे तकनीकी खराबी के चलते समय पर दोबारा खोला नहीं जा सका, जिससे यह ओवरफ्लो की समस्या खड़ी हुई। उन्होंने दावा किया कि दोपहर बाद तक पानी निकाल दिया जाएगा और स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

यह भी पढ़ें– Mahendragarh News: हरियाणा के NH-148B पर बड़ा हादसा टला, डंपर को साइड देते समय बीच सड़क पलटी पिकअप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed