July 12, 2026

Haryana Weather: 11 जुलाई के बाद मानसून पर लगेगा ब्रेक, जानें अपने जिले का हाल

0
Haryana Weather: 11 जुलाई के बाद मानसून पर लगेगा ब्रेक, जानें अपने जिले का हाल

11 जुलाई के बाद मानसून पर लगेगा ब्रेक

Haryana Weather: हरियाणा के आसमान पर मंडरा रहे मानसूनी बादलों की रफ्तार अब कुछ सुस्त पड़ने वाली है. चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा इस समय श्री गंगानगर, हिसार, गोरखपुर और पूर्णिया से होते हुए मिजोरम तक सक्रिय है. अब यह मौसमी रेखा धीरे-धीरे उत्तर में हिमालय की तलहटियों की तरफ रुख कर रही है. इस बड़े बदलाव के चलते राज्य में 11 जुलाई के बाद मानसूनी सिस्टम कमजोर पड़ेगा और बारिश की गतिविधियों में गिरावट दर्ज की जाएगी.

उत्तरी जिलों में आज बौछारें, पहाड़ों की बारिश से उफनी यमुना

भले ही पूरे सूबे में मानसून कमजोर हो रहा है, लेकिन उत्तरी इलाकों में आज भी मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है. बाकी मैदानी हिस्सों में केवल छिटपुट बूंदाबांदी की ही संभावना बची है. उधर, हिमाचल के पहाड़ों में हो रही लगातार भारी बारिश का सीधा असर हरियाणा के मैदानी इलाकों में दिखने लगा है. पहाड़ों के पानी से यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ा है और यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर पानी का डिस्चार्ज 50 हजार क्यूसेक के आंकड़े को छू गया है.

पंचकूला की नदियां रौद्र रूप में, संभावित बाढ़ के खतरे को देख धारा 163 लागू

हिमाचल से सटे पंचकूला जिले में हालात संवेदनशील बने हुए हैं. पहाड़ों में मूसलाधार बारिश के बाद पंचकूला की घग्गर, कौशल्या और टांगरी नदियां उफान पर हैं और इनका बहाव डरा रहा है. संभावित बाढ़ और जान-माल के खतरे को भांपते हुए डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने पूरे जिले में तुरंत प्रभाव से बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है. इसके तहत आगामी 28 अगस्त 2026 तक किसी भी व्यक्ति के नदी-नालों के किनारे जाने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 के तहत सख्त कानूनी मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

दिन में चढ़ेगा पारा, सिरसा में गर्मी सबसे तीखी

बारिश पर ब्रेक लगते ही अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है. हवाओं के रुख में आ रहे बदलाव की वजह से वातावरण में मौजूद नमी अब धीरे-धीरे कम होगी, जिससे दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. हालांकि रात का पारा अभी सामान्य के करीब ही बना रहेगा. बीते 24 घंटों में ही दिन का औसत पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया है, जो फिलहाल सामान्य से थोड़ा नीचे है. इस समय सूबे में सबसे तीखी गर्मी सिरसा में पड़ रही है, जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके विपरीत, रात की बात करें तो यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर न्यूनतम तापमान सबसे कम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है.

यह भी पढ़ें–चंडीगढ़ में तेज बारिश के बीच घग्गर नदी में बड़ा हादसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed