July 30, 2026

Kurukshetra News: ज्योतिसर में चोर गिरोह का तांडव, 6 महीने में 15 ट्रांसफार्मर चोरी, एक ही रात में 15 खेतों की काटीं तारें

0
Kurukshetra News: ज्योतिसर में चोर गिरोह का तांडव, 6 महीने में 15 ट्रांसफार्मर चोरी, एक ही रात में 15 खेतों की काटीं तारें

6 महीने में 15 ट्रांसफार्मर चोरी, अब मोटरों की तारें भी काट रहे चोर; किसानों में दहशत

Kurukshetra News: पवन शर्मा, ज्योतिसर | कुरुक्षेत्र जिले के एतिहासिक गांव ज्योतिसर और इसके आसपास के कृषि बहुल क्षेत्रों में इन दिनों बिजली की चोरी करने वाला एक शातिर गिरोह सक्रिय है। बीते छह महीनों में खेतों में लगे करीब 15 ट्रांसफार्मर चोरी होने और अब मोटरों की बिजली के तार काटे जाने की घटनाओं ने किसानों की नींद उड़ा दी है। लगातार हो रही इन वारदातों के कारण न सिर्फ किसानों की फसलों की सिंचाई व्यवस्था ठप पड़ रही है, बल्कि उन्हें लाखों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

ताजा मामला ज्योतिसर इलाके के खेत से सामने आया है, जहां चोरों ने एक ही रात में कई खेतों को अपना निशाना बनाया। पीड़ित किसान राजेश राणा ने बताया कि रात के अंधेरे में चोर उनके खेत में घुसे और खंभे से ट्रांसफार्मर को नीचे गिराकर उसके भीतर से कीमती कॉपर वायर (तांबे के तार) निकाल कर फरार हो गए। इतना ही नहीं, चोर जाते-जाते खेत में लगी मोटर की बिजली की तारें भी काटकर अपने साथ ले गए।

एक ही रात में 10 से 15 खेतों में धाबा, फसलों की सिंचाई अटकी

क्षेत्र के किसान बिट्टू यादव ने वारदात की भयावहता बताते हुए कहा कि जिस रात राजेश राणा के खेत से ट्रांसफार्मर चोरी हुआ, उसी रात चोरों ने आसपास के करीब 10 से 15 अन्य खेतों में भी जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने लगभग सभी खेतों में लगी मोटरों के बिजली के केबल और तार काट लिए। सुबह जब किसान अपने खेतों में पहुंचे तो तारों के कटे हुए टुकड़े देखकर उनके होश उड़ गए।

इस वारदात के बाद से इलाके के किसान बेहद परेशान और आक्रोशित हैं। धान और अन्य फसलों के इस सीजन में मोटरों की तारें कटने और ट्रांसफार्मर गायब होने से सिंचाई का काम पूरी तरह से ठप हो गया है। नया ट्रांसफार्मर लगवाने और नई तारें खरीदने में किसानों को हजारों रुपये अपनी जेब से ढीले करने पड़ रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच, खेतों के रास्तों पर बढ़ाई गई नाइट गश्त

किसान राजेश राणा की लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। मामले की जानकारी देते हुए ज्योतिसर पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मी केला राम ने बताया कि पिछले छह महीनों के दौरान इलाके से ट्रांसफार्मर चोरी की लगभग 15 शिकायतें पुलिस के पास आई हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच से किसी संगठित गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है जो रात के समय सुनसान रास्तों से खेतों में दाखिल होता है। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और गिरोह को बेनकाब करने के लिए पुलिस ने खेतों की ओर जाने वाले सभी मुख्य व कच्चे रास्तों पर रात के समय पुलिस गश्त बढ़ा दी है। वहीं, स्थानीय किसानों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर उनके नुकसान की भरपाई करवाई जाए।

यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र के पिहोवा में हैवानियत, मैरिज पैलेस मैनेजर ने वर्कर की दिव्यांग पत्नी से किया रेप, 5 महीने की गर्भवती हुई पीड़िता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed