Ludhiana School Bus Accident: 3 वर्षीय समरदीप की मौत के बाद ड्राइवर और स्कूल प्रबंधन पर FIR, सभी बसों की होगी फिटनेस जांच
मृतक समरदीप सिंह का फादइल फोटो
Ludhiana School Bus Accident: लुधियाना के कोहाड़ा क्षेत्र स्थित गांव शालू भैणी में तीन वर्षीय समरदीप की स्कूल बस की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर नवदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने ड्राइवर के साथ BITS कॉन्वेंट स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। घटना के बाद प्रशासन ने स्कूल की सभी बसों की फिटनेस और दस्तावेजों की जांच कराने का निर्णय लिया है।
पोस्टमॉर्टम के बाद हुआ मासूम का अंतिम संस्कार
हादसे के बाद पुलिस ने समरदीप के शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गुरुवार को परिवार ने भारी गम के बीच मासूम का अंतिम संस्कार किया। समरदीप अपने माता-पिता के साथ गांव शालू भैणी में रहता था। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन भी है, जिसे रोज की तरह स्कूल बस में बैठाने के दौरान यह हादसा हुआ।
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा
बुधवार सुबह करीब सात बजे अमनदीप अपनी बेटी रमनदीप कौर को स्कूल बस में बैठाने के लिए घर के बाहर आई थीं। उनके साथ तीन वर्षीय समरदीप भी मौजूद था। जब मां बेटी को बस में चढ़ा रही थीं, उसी दौरान समरदीप बस के अगले हिस्से के सामने पहुंच गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बेटी के बस में बैठते ही चालक ने बस आगे बढ़ा दी। बस के सामने खड़े बच्चे पर उसकी नजर नहीं पड़ी और बस का अगला तथा फिर पिछला टायर भी समरदीप के ऊपर से गुजर गया। परिवार के सामने ही मासूम ने मौके पर दम तोड़ दिया।
भागने की कोशिश, ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा
घटना के बाद ग्रामीणों का आरोप है कि ड्राइवर बस रोकने के बजाय मौके से निकलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रुकने के लिए आवाज दी, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने अपने वाहनों से बस का पीछा किया। कुछ दूरी पर नजदीकी गांव के पास लोगों ने बस को रुकवाकर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पकड़े जाने पर चालक ने हादसे में अपनी गलती से इनकार किया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से चालक को सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया।
स्कूल बसों की फिटनेस और दस्तावेजों की होगी जांच
हादसे के बाद पुलिस और संबंधित विभाग अब BITS कॉन्वेंट स्कूल की सभी बसों की जांच कर रहे हैं। फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ चालक की योग्यता और लाइसेंस की भी जांच की जाएगी। शुरुआती जांच में आरोपी चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी पुष्टि कर रही है कि स्कूल प्रबंधन ने चालक की नियुक्ति के समय निर्धारित नियमों का पालन किया था या नहीं। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
