July 31, 2026

Mahendragarh Water Project: महेंद्रगढ़ जिले के 39 गांवों के लिए 284.18 करोड़ की पेयजल योजना मंजूर, सिरोही बहाली समेत 3 जगहों पर बनेंगे नए जलघर

0
Mahendragarh Water Project: महेंद्रगढ़ जिले के 39 गांवों के लिए 284.18 करोड़ की पेयजल योजना मंजूर, सिरोही बहाली समेत 3 जगहों पर बनेंगे नए जलघर

महेंद्रगढ़ जिले के 39 गांवों के लिए 284.18 करोड़ की पेयजल योजना मंजूर, सिरोही बहाली समेत 3 जगहों पर बनेंगे नए जलघर

Mahendragarh Water Project: दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में लंबे समय से चले आ रहे पेयजल संकट को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के जन स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने घोषणा की है कि जिले के 39 जल-अभावग्रस्त गांवों और नांगल चौधरी शहर समूह को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल मुहैया कराने के मकसद से 284.18 करोड़ रुपये की वृहद पेयजल संवर्धन योजना को तकनीकी मंजूरी दे दी गई है।

नारनौल में भाजपा कार्यकर्ताओं व अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने बताया कि इस दूरगामी परियोजना को धरातल पर तेजी से उतारने के लिए कुल तीन पैकेज बनाए गए हैं। इसमें से 53.47 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रथम पैकेज का काम आवंटित कर दिया गया है और मौके पर निर्माण कार्य शुरू भी हो चुका है।

3 नए वाटर वर्क्स और नई राइजिंग मेन लाइन का होगा निर्माण

परियोजना के खाके की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति को मजबूत करने के लिए सिरोही बहाली, मुसनोता और आसरावास में तीन नए स्वतंत्र जलघर (वाटर वर्क्स) बनाए जाएंगे। इसके अलावा नांगल दर्गू और नांगल चौधरी (मोहनपुर) स्थित मौजूदा जलघरों तक कच्चा पानी पहुंचाने के लिए नई राइजिंग मेन लाइन बिछाने का काम किया जाएगा।

योजना के दूसरे और तीसरे पैकेज की निविदा (टेंडर) प्रक्रिया भी अपने अंतिम दौर में है। आसरावास जलघर और राइजिंग लाइन के लिए 30.69 करोड़ रुपये का दूसरा पैकेज तैयार किया गया है, जबकि मुसनोता जलघर और नांगल दर्गू व नांगल चौधरी में दूसरे लिफ्टिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 41.12 करोड़ रुपये का तीसरा पैकेज रखा गया है। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और पूरे प्रोजेक्ट को तय 540 दिनों की समयावधि में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

नारनौल शहर को जलभराव व सीवरेज समस्या से मिलेगी मुक्ति

पेयजल योजना के साथ-साथ सरकार ने नारनौल शहर की जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी बड़ा बजट तैयार किया है। मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने बताया कि शहर के लिए 34 करोड़ 62 लाख रुपये (34,62,14,896 रुपये) की अनुमानित लागत से नई डिस्पोजल प्रणाली के निर्माण और वंचित गलियों में नई सीवर लाइन बिछाने का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है।

इस काम के लिए 365 दिनों (एक वर्ष) की समय सीमा निर्धारित की गई है। मुख्य रूप से सिविल इंजीनियरिंग पर केंद्रित इस निर्माण कार्य के पूरा होने के बाद नारनौल शहरवासियों को जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन गोबिंद भारद्वाज, महिला आयोग की सदस्य भारती सैनी, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, सरला यादव, सरोज बाला तथा कैलाशवती समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें– Manohar Lal Meeting Shruti Choudhry: चंडीगढ़ में क्यों मिले मनोहर लाल और श्रुति चौधरी? जानिए तोशाम कनेक्शन की इनसाइड स्टोरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed