Mumbai: मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश से जलभराव, सड़क यातायात और ट्रेन सेवाएं प्रभावित
मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश से जलभराव
Mumbai: महाराष्ट्र के मुंबई में बृहस्पतिवार सुबह एक बार फिर तेज बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया और सड़क व रेल यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिनभर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। बृहस्पतिवार तड़के से जारी भारी बारिश के कारण दादर, परेल, हिंदमाता, चारकोप, वर्ली, गोरेगांव और अंधेरी जैसे प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा तथा वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। पटरियों पर जलजमाव के कारण लोकल ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
रेल यात्रियों ने बताया कि कई लोकल ट्रेन निर्धारित समय से 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं, जिससे सुबह के व्यस्त समय में स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई। आईएमडी ने मुंबई और उसके उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। साथ ही, बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार तड़के अत्यधिक भारी बारिश होने का भी अनुमान है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर समुद्र में 4.27 मीटर ऊंचा ज्वार आने और इसके बाद देर रात एक बजकर 31 मिनट पर 3.71 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान है।
मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 180 मिमी से अधिक बारिश होने के बावजूद रेल नेटवर्क पर कहीं भी बड़ा जलभराव नहीं हुआ है और सभी चार कॉरिडोर पर लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं, हालांकि यात्रियों ने ट्रेनों के देरी से चलने की शिकायत की है। पश्चिम रेलवे ने भी ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि रेल नेटवर्क पर उपनगरीय सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं, जबकि यात्रियों का दावा है कि कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। बीएमसी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक औसत 189 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा सांताक्रूज एसडब्ल्यूएम कार्यशाला और भांडुप स्थित एस वार्ड कार्यालय में दर्ज की गई जो 238.8 मिमी मापी गई। इसके बाद पवई के पसपोली नगर निगम विद्यालय में 234.6 मिमी, विक्रोली के टैगोर नगर निगम विद्यालय में 233.2 मिमी, मुलुंड के मिठागर नगर निगम विद्यालय में 226 मिमी, अंधेरी अग्निशमन केंद्र में 225.4 मिमी, परेल स्थित एफ साउथ वार्ड कार्यालय में 222 मिमी और प्रभादेवी के जी साउथ वार्ड कार्यालय में 220.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें; पंजाब-चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय
