July 26, 2026

Narnaul Baghot Substation: बाघोत में 7 करोड़ से बनकर तैयार हुआ 33 केवी बिजलीघर, अगस्त से शुरू

0
Narnaul Baghot Substation: बाघोत में 7 करोड़ से बनकर तैयार हुआ 33 केवी बिजलीघर, अगस्त से शुरू

बाघोत में 7 करोड़ से बनकर तैयार हुआ 33 केवी बिजलीघर, अगस्त से शुरू

Narnaul Baghot Substation: कनीना उपमंडल के गांव बाघोत और आसपास के इलाके में सालों से चली आ रही बिजली समस्या पर अब हमेशा के लिए विराम लगने जा रहा है। चुनावी अभियान के दौरान ग्रामीणों ने तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के सामने 33 केवी सब-स्टेशन बनवाने की पुरजोर मांग रखी थी।

मंत्री ने तब जनता को भरोसा दिया था कि सरकार बनते ही इसे प्राथमिकता पर पूरा कराया जाएगा। अब उसी वादे को अमलीजामा पहनाते हुए करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से बाघोत में यह 33 केवी विद्युत सब-स्टेशन पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुका है।

तकनीकी परीक्षण अंतिम दौर में, अगस्त से मिलेगी निर्बाध बिजली

बिजली निगम के अधिकारियों के मुताबिक सब-स्टेशन के भीतर बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई है और मशीनों तथा ट्रांसफार्मरों का अंतिम तकनीकी परीक्षण (टेस्टिंग) तेजी से चल रहा है। कनीना के एसडीओ उमेश वर्मा ने जानकारी दी कि सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होते ही अगस्त महीने में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के हाथों इसका लोकार्पण कराया जाएगा और नियमित बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

तीन नए 11 केवी फीडर देंगे ओवरलोडिंग से मुक्ति

इस नए 33 केवी सब-स्टेशन से तीन अलग-अलग 11 केवी फीडर चलाए जाएंगे, जिनमें बाघोत एपी (कृषि), डोमेस्टिक (घरेलू) और राजावास-सयाना एपी शामिल हैं। इससे बाघोत, स्याना, राजावास सहित आसपास के आधा दर्जन गांवों के हजारों घरेलू उपभोक्ताओं और किसानों को फायदा मिलेगा। लंबे समय से कम वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और ओवरलोडिंग के कारण बंद होने वाली बिजली से मुक्ति मिलेगी, जिससे किसानों को फसलों की सिंचाई में भी बड़ी राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने जताया आभार, अधिकारियों ने लिया जायजा

क्षेत्र के गणमान्य नागरिक महाबीर पहलवान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मांग वर्षों पुरानी थी, जिसे स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए समय पर पूरा किया है। निर्माण कार्य और अंतिम तैयारियों का जायजा लेने के लिए एसडीओ उमेश वर्मा, एसडीओ राजेंद्र सिंह, एसडीओ ईशु शर्मा, जेई राजकुमार और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों ने मौके का निरीक्षण किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस सब-स्टेशन के चालू होने से न केवल किसानों को बल्कि स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को भी बड़ी सहूलियत मिलेगी।

यह भी पढ़ें– Narnaul News: महेंद्रगढ़ के नारनौल में दर्दनाक रेल हादसा, तड़के मालगाड़ी की चपेट में आया 30 वर्षीय युवक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed