July 13, 2026

Nita Ambani Fashion: ऊपर से नहीं होती कोई कढ़ाई, जानिए नीता अंबानी की ब्लश पिंक साड़ी की खासियत और कीमत

0
Nita Ambani Fashion: नीता अंबानी ने पहनी 28 करोड़ की मालकिन जैसी शाही 'तंचोई बनारसी' साड़ी, सादगी पर दिल हार बैठे लोग

ऊपर से नहीं होती कोई कढ़ाई, जानिए नीता अंबानी की ब्लश पिंक साड़ी की खासियत और कीमत

Nita Ambani Fashion: मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी एक बार फिर अपने पारंपरिक पहनावे को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनकी हल्के गुलाबी (ब्लश पिंक) रंग की तंचोई बनारसी सिल्क साड़ी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। सादगी और शालीनता से सजी इस साड़ी ने न केवल फैशन प्रेमियों बल्कि बनारसी बुनाई में रुचि रखने वालों के बीच भी उत्सुकता बढ़ा दी है।

हल्के मेकअप, छोटी बिंदी, सलीके से बंधे जूड़े और सादे आभूषणों के साथ उनका यह लुक भारतीय पारंपरिक शिल्प की खूबसूरती को बखूबी दर्शाता है। नीता अंबानी की साड़ी पर पूरे हिस्से में फूलों की बारीक बुनाई की गई है। गुलाबी रंग के साथ सुनहरे और ऑफ-व्हाइट रेशमी धागों का संयोजन इसे शाही और आकर्षक लुक देता है। इसकी चमक तेज न होकर बेहद सौम्य होती है, जो तंचोई बुनाई की सबसे बड़ी पहचान मानी जाती है।

बुनाई के दौरान ही तैयार होते हैं डिजाइन

फूलों की महीन बुनाई, मुलायम बनावट और दोनों तरफ एक जैसी फिनिश बनाती है इसे खास बनाते है। तंचोई बनारसी सिल्क की सबसे बड़ी खासियत इसकी बुनाई है। इसमें फूल, बेल और अन्य डिजाइन अलग से कढ़ाई करके नहीं बनाए जाते, बल्कि रंग-बिरंगे रेशमी धागों की मदद से बुनाई के दौरान ही तैयार किए जाते हैं। इसी कारण साड़ी के दोनों ओर लगभग एक जैसी फिनिश दिखाई देती है। इसकी मुलायम बनावट, महीन कारीगरी और साफ बुनाई इसे अन्य बनारसी साडिय़ों से अलग पहचान देती है।

एक साड़ी तैयार करने में लग सकते हैं दो महीने, कीमत 15 हजार से लेकर एक लाख रुपये से अधिक तक

महीनों की मेहनत तय करती है कीमत तंचोई बनारसी सिल्क साड़ी तैयार करना बेहद धैर्य और कौशल का काम है। अनुभवी बुनकर एक साड़ी को तैयार करने में कई सप्ताह लगाते हैं। यदि डिजाइन अधिक जटिल हो तो इसे पूरा करने में दो महीने या उससे भी अधिक समय लग सकता है।

हर धागे को सावधानी से बुना जाता है, इसलिए हर साड़ी अपने आप में अनूठी होती है। इस साड़ी की कीमत उसकी बुनाई, रेशम की गुणवत्ता, डिजाइन और हाथ की कारीगरी पर निर्भर करती है। अच्छी गुणवत्ता की तंचोई बनारसी सिल्क साड़ी की शुरुआती कीमत करीब 15 हजार रुपये होती है, जबकि उत्कृष्ट बुनाई और विशेष डिजाइन वाली साडिय़ों की कीमत 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकती है।

तंचोई बनारसी सिल्क साड़ी सिर्फ एक परिधान नहीं, बल्कि भारतीय बुनकरों की पीढिय़ों से चली आ रही कला, धैर्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यही वजह है कि समय बदलने के बावजूद इसकी शाही पहचान और लोकप्रियता आज भी बरकरार है।

यह भी पढ़ें– Monsoon Food Science: बारिश होते ही क्यों मचलता है पकौड़े और समोसे खाने का मन? जानें इसके पीछे का असली विज्ञान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed