Panipat News: पानीपत में पति ने मौसेरे भाई संग मिलकर पत्नी को उतारा मौत के घाट
यूपी से पानीपत आए परिवार में खूनी खेल, अलग रह रहे पति ने रात को घर घुसकर की पत्नी की हत्या
Panipat News: हरियाणा के पानीपत में एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके पति और पति के मौसेरे भाई पर है। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान भारत नगर, काबड़ी रोड निवासी शिल्पी (35) के रूप में हुई है। वह किराये के मकान में रहती थी। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते उसका पति विपिन उससे अलग रह रहा था।
ओल्ड इंडस्ट्रियल थाना पुलिस के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव चारपाई पर मिला। गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है।
मौके पर मौजूद मृतका के 10 वर्षीय भाई ने पुलिस को बताया कि रात में उसका जीजा घर आया था। उसने अपने मौसेरे भाई करिंद्र को भी बुलाया और दोनों ने मिलकर शिल्पी की हत्या कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉच्र्युरी में भिजवा दिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: फरीदाबाद में मौत का कुआं बनी सड़क: सीवर के गहरे गड्ढे में बाइक समेत गिरे दो युवक, मचा हड़कंप
