Panipat News: गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध पर चाकू लेकर बाहर आया युवक
पानीपत में बेखौफ अपराधी की करतूत, पीड़िता के शोर मचाने पर मोहल्ले की महिलाओं ने घेरा घर
Panipat News: शहर के रमेश नगर क्षेत्र में गर्भवती महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और धमकी का मामला सामने आया है। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। पीडि़ता की शिकायत पर तहसील कैंप थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीडि़ता के अनुसार, 11 जुलाई को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान कॉलोनी निवासी गौरव कुमार कथित रूप से जबरन उसके घर में घुस आया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने शोर मचाया तो ऊपर कमरे में पढ़ रहे बच्चे नीचे आ गए। पीडि़ता का कहना है कि बच्चों को देखकर आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला करने की कोशिश की और धमकाया। इसके बाद महिला और बच्चे घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। आरोपी मौके से फरार हो गया।
महिला के शोर पर आसपास की महिलाएं भी एकत्र हो गईं। इस दौरान आरोपी के घर के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ महिलाएं आरोपी के घर के बाहर विरोध करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में आरोपी हाथ में चाकू लिए बाहर आता नजर आ रहा है।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल जमानत पर बाहर है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी कॉलोनी की महिलाओं और युवतियों के साथ अक्सर अभद्र व्यवहार करता है।
तहसील कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने बताया कि शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें– Mahendragarh News: गर्मी में कंबल और सर्दी में बर्फ की सिल्ली! महेंद्रगढ़ के संतलाल के दावे ने सबको चौंकाया
