Yamunanagar News: बेटी के जन्म पर ताने और इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी से बदनामी, यमुनानगर में ससुराल वालों पर केस
बेटी के जन्म पर ताने और इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी से बदनामी
Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के जठलाना थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ दहेज के नाम पर मानसिक और शारीरिक क्रूरता का दर्दनाक मामला उजागर हुआ है। कुरुक्षेत्र के शांति नगर निवासी सिविल इंजीनियर पति और उसके परिजनों पर आरोप है कि उन्होंने शादी के कुछ ही समय बाद से महिला को कम दहेज लाने के ताने देने शुरू कर दिए थे। ससुराल वालों का कहना था कि उनका बेटा सिविल इंजीनियर है और हर महीने दो लाख रुपये कमाता है, उस हिसाब से शादी में पर्याप्त सामान नहीं दिया गया।
पीड़िता का विवाह 30 अक्टूबर 2020 को कमल के साथ हुआ था। महिला ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि नवंबर 2022 में जब उसने बेटी को जन्म दिया, तो ससुराल वालों का जुल्म और बढ़ गया। बेटी पैदा होने पर न केवल उसे ताने मारे गए, बल्कि डिलीवरी के वक्त अस्पताल का 10 हजार रुपये का खर्च भी जबरन उसके मायके वालों से मंगवाया गया। इसके बाद से लगातार दहेज में मोटरसाइकिल लाने का दबाव बनाया जाने लगा।
सिर पर डंडे से हमला, नाबालिग बेटी संग रात में निकाला बाहर
प्रताड़ना की हदें 29 जनवरी 2023 की रात पार हो गईं। पीड़िता का आरोप है कि जब वह अपनी दुधमुंही बच्ची को सुला रही थी, तभी जेठ कुलदीप कमरे में घुसा और लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। जब उसने विरोध किया तो जेठानी सरोज ने भी डंडों से पिटाई की और गला दबाकर उसे जमीन पर पटक दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पति कमल और सास सलोचना ने बीच-बचाव करने के बजाय उसे जान से मारकर पास की नहर में फेंकने की धमकी दी।
घटना की सूचना पर जब पीड़िता के मायके वाले पहुंचे तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने महिला और उसकी नाबालिग मासूम बेटी को बिना किसी सामान और जरूरी दस्तावेजों के आधी रात को घर से बाहर खदेड़ दिया।
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर किया बदनाम, जान से मारने की धमकी
घर से निकाले जाने के बाद कई बार सामाजिक पंचायतें बुलाई गईं, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी जिद्द पर अड़ा रहा और मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर महिला को रखने से साफ मना कर दिया। जुल्म का सिलसिला यहीं नहीं थमा; आरोप है कि पति ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर महिला, उसकी मासूम बेटी और मायके परिवार के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियां शेयर करनी शुरू कर दीं ताकि समाज में उनकी छवि धूमिल की जा सके।
जब पीड़िता के परिवार ने इस हरकत का विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस की शरण ली। जठलाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति कमल, सास सलोचना, जेठ कुलदीप और जेठानी सरोज के खिलाफ मारपीट, दहेज प्रताड़ना, स्त्रीधन हड़पने, फर्जीवाड़े और आपराधिक धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
