Nuh Road Accident: हरियाणा के नूंह जिले से शनिवार देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर आई है। फिरोजपुर झिरका से रिश्तेदार की सगाई समारोह में शामिल होकर लौट रहे युवकों की ईको कार को नेशनल हाईवे-248A पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से रौंद दिया। हाउसिंग बोर्ड कट के पास हुए इस हादसे में कार सवार जीजा-साले समेत तीन युवकों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
हादसा किस कदर भयानक था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद ईको कार खिलौने की तरह पचककर ट्रक के अगले हिस्से में जा घुसी। कार के भीतर चारों युवक बुरी तरह फंस गए और मदद के लिए चिल्लाते रहे। स्थानीय लोगों और पुलिस को उन्हें बाहर निकालने में करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
कटर से दरवाजे काटकर निकाले शव, 3 घंटे तक कार में फंसे रहे युवक
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शुरुआत में स्थानीय लोगों और पुलिस ने कार को खींचकर बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी ट्रक के नीचे इस तरह फंसी थी कि हिलाई भी नहीं जा सकी। इसके बाद आनन-फानन में मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। करीब तीन घंटे के भारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को बाहर खींचा गया और लोहे के दरवाजे काटकर चारों को निकाला गया।
पुलिस ने तुरंत सभी को नूंह के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गुरुग्राम निवासी रवि, सोहना निवासी अनिल और विवेक के रूप में हुई है। रवि और अनिल आपस में जीजा-साले थे। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक (निवासी सोहना) का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
सगाई की खुशियां मातम में बदलीं, चालक ट्रक छोड़कर फरार
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम और सोहना के रहने वाले ये चारों दोस्त-रिश्तेदार शनिवार को एक पारिवारिक सगाई समारोह में शामिल होने फिरोजपुर झिरका आए थे। देर रात खुशियों के माहौल से निकलकर वे अपने घर लौट रहे थे, लेकिन अलवर की ओर से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उनकी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
फिरोजपुर झिरका सिटी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

