Panipat Accident: हरियाणा के पानीपत जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बाल-बाल बच गया। भाऊपुर गांव स्थित लिवासा कंबल फैक्टरी में दिनभर हाड़-तोड़ मेहनत करने के बाद अपने घर लौट रहे मजदूरों का टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में तीन मजदूर लहूलुहान हो गए, जबकि वाहन में सवार अन्य मजदूरों को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर दौड़े आसपास के लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सभी पीड़ित काबड़ी रोड स्थित कुलदीप नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
अचानक कट और चालक की लापरवाही बनी हादसे की वजह
अस्पताल में उपचाराधीन मजदूर सन्नी ने घटना की आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे रोजाना फैक्टरी के लगे इसी टेंपो से काम पर आते-जाते हैं। आमतौर पर टेंपो में 12 मजदूर सवार होते हैं, लेकिन रविवार को काम कम होने और छुट्टी के चलते केवल 9 लोग ही सवार थे। जैसे ही टेंपो भाऊपुर के पास पहुंचा, तभी आगे चल रही एक अज्ञात गाड़ी ने अचानक कट मार दिया।
टेंपो चालक का ध्यान भटकने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर ही पलट गया। यात्रियों के अनुसार, चालक वाहन चलाते समय लगातार अपने मोबाइल फोन में व्यस्त था, जिसके चलते वह समय रहते गाड़ी को संभाल नहीं सका और यह हादसा हो गया।
मुन्ना की हालत गंभीर, पीजीआई रेफर
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में तीन मजदूर बुरी तरह जख्मी हुए, जिनमें मुन्ना नाम के मजदूर के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने मुन्ना की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है।
घटना की खबर मिलते ही मजदूरों के परिजनों और फैक्टरी कर्मचारियों में चिंता का माहौल व्याप्त हो गया। हैरान करने वाली बात यह है कि देर रात तक इस हादसे की कोई शिकायत या सूचना आधिकारिक तौर पर पुलिस थाने में दर्ज नहीं कराई गई थी।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

