Rohtak Crime: हरियाणा के रोहतक शहर में वाहन चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी दयानंद मठ के पास हुई एक वारदात से साफ देखी जा सकती है। यहां देर रात शातिर चोरों ने महज कुछ ही सेकंडों में एक घर के बाहर खड़ी ब्रांड न्यू मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक चोरी के बाद से इलाके के वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है, क्योंकि चोर अब पुलिस गश्त को ठेंगा दिखाकर आसानी से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
कुछ ही पलों में पार हो गई नई बाइक
पीड़ित संजय कालड़ा ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि वे दयानंद मठ के बिल्कुल सामने गुरु नानकपुरा मोहल्ले में रहते हैं। उन्होंने अपनी सफेद रंग की अपाचे बाइक को 22 अक्टूबर की रात को घर के बाहर पूरी तरह लॉक करके खड़ा किया था। अगली सुबह जब नींद खुली और बाहर आकर देखा, तो बाइक अपनी जगह से गायब थी।
आनन-फानन में आसपास तलाश करने के बाद जब घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, तो चोरी का पूरा सच सामने आ गया। महज 26 सेकंड के उस वीडियो में एक संदिग्ध युवक बड़ी ही सफाई और तेजी से बाइक का लॉक तोड़कर उसे भगा ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
संजय के मुताबिक, यह गाड़ी प्रिया निवासी गढ़ी बोहर के नाम से है, जिसे उन्होंने महज पांच-छह महीने पहले ही एक डीलर से एक लाख 10 हजार रुपये खर्च कर खरीदी थी। बाइक बिल्कुल नई हालत में थी, जिसे चुराकर चोरों ने उन्हें बड़ा आर्थिक झटका दिया है। अपने स्तर पर काफी खोजबीन करने के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने तुरंत सलारा मोहल्ला पुलिस चौकी में इसकी लिखित सूचना दी।
पुलिस बोली— जल्द शिकंजे में होगा आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। ओल्ड सब्जीमंडी थाना एसएचओ परमजीत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को बाइक चोरी होने की शिकायत मिल गई है।
पीड़ित के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ प्रासंगिग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम फुटेज में दिख रहे संदिग्ध के हुलिए के सहारे उसकी पहचान करने में जुटी है, और अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

