Punjab Police Viral Audio Uniform : पंजाब पुलिस ने वर्दी न पहनने के वायरल दावों को किया खारिज
पंजाब पुलिस ने वर्दी न पहनने के वायरल दावों को किया खारिज
Punjab Police Viral Audio Uniform : पंजाब की सियासत में इन दिनों एक वायरल ऑडियो को लेकर जबरदस्त भूचाल आया हुआ है। मामला तब गरमाया जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग साझा की।
इस ऑडियो के जरिए यह सनसनीखेज दावा किया जा रहा है कि सीमावर्ती जिलों में हाल ही में हुई घटनाओं के बाद पुलिसकर्मियों को अपनी जान और पहचान बचाने के लिए वर्दी पहनकर ड्यूटी पर आने से मना किया गया है। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि बॉर्डर रेंज के आईजी कार्यालय की तरफ से अमृतसर देहात, बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट के एसएसपी को इस बाबत खास हिदायतें जारी की गई हैं।
वायरल ऑडियो में क्या है अंदरूनी कहानी?
वायरल हो रही इस ऑडियो क्लिप में एक महिला की आवाज सुनाई दे रही है, जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर अपने साथियों को दिशा-निर्देश दे रही है। ऑडियो के मुताबिक, हाल ही में इस्लामाबाद में हुए एक एनकाउंटर और एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के बाद से सुरक्षा हालात बदल चुके हैं।
इसमें कहा जा रहा है कि अपराधियों के निशाने पर पुलिसकर्मी हैं, इसलिए थाने आते-जाते वक्त किसी भी कर्मचारी को वर्दी, बेल्ट या ऐसा कोई भी पुलिसिया चिन्ह नहीं दिखाना चाहिए जिससे उनकी पहचान हो सके। निर्देश यह भी दिए गए हैं कि कर्मी घर से सिविल कपड़ों में आएं और थाने पहुंचकर ही वर्दी पहनें। इसके अलावा, महिला कर्मियों को भी एक्टिवा पर घूमते वक्त सावधानी बरतने और अकेले आने-जाने से बचने की नसीहत दी जा रही है।
सुरक्षा को लेकर वायरल कागजों में क्या है?
ऑडियो के साथ-साथ सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे आधिकारिक दिखने वाले कागजात भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें थानों, चौकियों और पुलिस कैंपों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश हैं। इन दस्तावेजों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों को रात के वक्त गश्त बढ़ाने, संतरी ड्यूटी की असल स्थिति जांचने और नाकों पर 360 डिग्री सुरक्षा चक्र अपनाने को कहा गया है।
साथ ही, कर्मचारियों को मोबाइल के कम इस्तेमाल, संदिग्ध विदेशी संपर्कों की जांच और एजीटीएफ व एएनटीएफ जैसी विशेष एजेंसियों के साथ तुरंत तालमेल बिठाने के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अनहोनी से समय रहते निपटा जा सके।
पंजाब पुलिस और सरकार का पलटवार
विपक्षी नेताओं के इन दावों और वायरल ऑडियो के तूल पकड़ते ही पंजाब पुलिस पूरी तरह एक्शन में आ गई। पुलिस मुख्यालय ने तुरंत आधिकारिक बयान जारी कर इन सभी दावों को कोरी अफवाह और फर्जी करार दिया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि विभाग की तरफ से ऐसा कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया है जिसमें पुलिसकर्मियों को वर्दी न पहनने की हिदायत दी गई हो।
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी सामने आकर इन तमाम खबरों को विपक्ष की राजनीतिक साजिश बताया। प्रशासन ने आम नागरिकों और पुलिस बल के जवानों से अपील की है कि वे इस तरह की भ्रामक ऑडियो और झूठी खबरों पर बिल्कुल ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाली जानकारियों पर ही भरोसा करें।
Gulab Sidhu House Firing : गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग केस में बरनाला पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
