Ramayana Trailer Leak: बॉलीवुड की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक, निर्देशक नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को लेकर सिनेमाप्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। लेकिन इससे ठीक पहले फिल्म के मेकर्स को एक बड़ा झटका लगा है।
18 जुलाई को दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में बेहद चुनिंदा मेहमानों के लिए फिल्म का एक एक्सक्लूसिव ट्रेलर लॉन्च इवेंट रखा गया था। आयोजन में सुरक्षा के इतने कड़े इंतजाम थे कि संदिग्ध रूप से रिकॉर्डिंग करने वालों के फोन तक मौके पर जब्त कर लिए गए। इसके बावजूद, इस लोहे जैसे पहरे को भेदकर ट्रेलर की कुछ अहम क्लिप्स इंटरनेट पर लीक हो गईं, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
रणबीर की पट्टी बांधकर घुड़सवारी और रावण बने यश की दहाड़ ने जीता दिल
माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर वायरल हो रही इन झलकियों में फिल्म की भव्यता साफ नजर आ रही है। हालांकि कई वीडियो को फेक भी बताया जा रहा है, लेकिन कुछ असली क्लिप्स ने दर्शकों को हैरान कर दिया है। सबसे ज्यादा चर्चा रणबीर कपूर के एंट्री सीन की हो रही है, जहां वे आंखों पर पट्टी बांधकर बेहद आक्रामक अंदाज में घुड़सवारी करते दिख रहे हैं।
वहीं, ‘केजीएफ’ फेम सुपरस्टार यश रावण के किरदार में स्क्रीन पर गरजते नजर आ रहे हैं और उनका लुक बेहद प्रॉमिसिंग लग रहा है। ट्रेलर की शुरुआत ही रावण के सीन्स से होती है जो दर्शकों पर गहरा असर छोड़ते हैं।
भावुक कर देने वाला दिखा मां सीता का चेहरा, हनुमान के रोल पर सस्पेंस
लीक हुए वीडियो में सिर्फ एक्शन ही नहीं, बल्कि भावनाओं का सैलाब भी देखने को मिल रहा है। भगवान राम के वनवास जाने के दृश्य में मां सीता बनीं साई पल्लवी का शांत मगर मायूसी से भरा चेहरा हर किसी को भावुक कर रहा है।
इसके साथ ही राजा दशरथ के रूप में अरुण गोविल और कैकेयी के अवतार में लारा दत्ता की उपस्थिति ने इस पौराणिक गाथा में जान फूंक दी है। दूसरी तरफ, बजरंगबली का किरदार निभा रहे सनी देओल की झलक भी इसमें है, हालांकि खुद अभिनेता के मुताबिक फिलहाल फिल्म के इस हिस्से में उनका रोल काफी सीमित रखा गया है।
आलोचनाओं पर फिरा पानी, 24 जुलाई को होगा आधिकारिक धमाका
फिल्म का पहला टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया के एक वर्ग ने इसके वीएफएक्स (VFX) और तकनीकी बारीकियों पर कई तरह के सवाल उठाए थे।
लेकिन अब लीक हुई इन नई झलकियों ने आलोचकों के मुंह बंद कर दिए हैं और फैंस की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है। लीक से परेशान मेकर्स अब जल्द से जल्द इसे आधिकारिक तौर पर रिलीज करने की तैयारी में हैं। फैंस का यह इंतजार 24 जुलाई को खत्म होने जा रहा है, जब ‘रामायण’ का यह महा-ट्रेलर पूरी दुनिया के सामने आधिकारिक रूप से थिएटर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लाइव कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें – Ragini 3: जुनैद खान और तमन्ना भाटिया की फ्रेश जोड़ी बड़े पर्दे पर मचाएगी धमाल

