Rohtak News: हरियाणा के रोहतक शहर की कबीर कॉलोनी में एक बेहद मामूली सी बात ने खौफनाक रूप ले लिया। महज 1,700 रुपए के उधारी के विवाद को लेकर 27 वर्षीय रिहान उर्फ कालू की सरेआम चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग इस बात से हैरान हैं कि इतनी छोटी सी रकम के लिए किसी की जान कैसे ली जा सकती है।
परचून की दुकान से सामान लेने गया था कालू, रास्ते में घेरा
मृतक के परिजनों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रिहान उर्फ कालू स्कूटी पर सवार होकर पास की ही एक परचून की दुकान पर सामान लेने के लिए निकला था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार-पांच लोगों ने उसे घेर लिया और उधार के पैसे तुरंत देने का दबाव बनाने लगे। जब कालू ने एक-दो दिन के भीतर पैसे चुकाने की बात कही, तो आरोपी भड़क गए और उनके बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
मुर्गा काटने वाले चाकू से किया गया ताबड़तोड़ वार
विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों में से एक आरोपी पास ही स्थित मुर्गा काटने की दुकान से एक धारदार चाकू उठा लाया। इसके बाद आरोपियों ने बेरहमी से कालू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। परिजनों का यह भी आरोप है कि इस घटना से ठीक एक रात पहले भी आरोपियों ने कालू के साथ उलझने और हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन तब मामला टल गया था।
मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त में, हथियार बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। जांच अधिकारी एसआई संदीप कुमार ने बताया कि कबीर कॉलोनी हत्याकांड में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी फारुक पुत्र सलीम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और इस वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें–Sonipat Murder Case: मां की हत्या के मामले में फंसी जानवी बोली- आरोपी के खिलाफ खुद कोर्ट में दूंगी गवाही

