September 29, 2026

Sangrur Gurdwara Badrukhan Sahib Attack : आधी रात गुरुद्वारा बडरूखां साहिब में घुसे 4 हमलावर, सेवादार को मारी गोली

0
Sangrur Gurdwara Badrukhan Sahib Attack : आधी रात गुरुद्वारा बडरूखां साहिब में घुसे 4 हमलावर, सेवादार को मारी गोली

आधी रात गुरुद्वारा बडरूखां साहिब में घुसे 4 हमलावर, सेवादार को मारी गोली

Sangrur Gurdwara Badrukhan Sahib Attack : संगरूर के पास स्थित ऐतिहासिक गांव बडरूखां में बीती रात उस समय अफरा-तफरी और खौफ का माहौल बन गया, जब एक कार में सवार होकर आए करीब चार अज्ञात हमलावरों ने ‘गुरुद्वारा साहिब यादगार शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह’ में घुसकर खूनी खेल खेला। हमलावर गुरुद्वारा साहिब की बाहरी दीवार फांदकर परिसर के भीतर दाखिल हुए। उन्होंने वहां मौजूद एक सेवादार के साथ बेरहमी से मारपीट की और बीच-बचाव करने आए दूसरे सेवादार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

वारदात की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के तुरंत बाद गुरुद्वारा साहिब के लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट की गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में गांववासी और गुरुद्वारा प्रबंध समिति के सदस्य मौके पर एकत्र हो गए।

लंगर हॉल में सो रहे सेवादार को बंधक बनाने का प्रयास

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुस्साहसिक घटना बीती रात करीब डेढ़ बजे के आसपास घटी। हमलावर सबसे पहले गुरुद्वारा साहिब के लंगर हॉल के बरामदे में पहुंचे, जहां सेवादार अजीब सिंह सो रहे थे। हमलावरों ने अचानक अजीब सिंह पर हमला बोल दिया और कपड़े से उनका मुंह दबाकर उन्हें काबू में करने का प्रयास करने लगे।

अजीब सिंह के साथ हो रही हाथापाई और शोर की आवाज सुनकर पास के कमरे में सो रहा दूसरा सेवादार जसवंत सिंह तुरंत बाहर आया। जसवंत सिंह को अपनी ओर आता देख हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए उन पर गोली चला दी। गोली लगने से जसवंत सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। गोली की आवाज और सेवादारों के चिल्लाने के कारण पकड़े जाने के डर से हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

घायल सेवादार की हालत नाजुक, प्राथमिक उपचार के बाद पटियाला रेफर

गोली लगने से घायल जसवंत सिंह को आनन-फानन में गांववासियों और प्रबंधकों की मदद से सिविल अस्पताल संगरूर पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद जसवंत सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत राजेंद्र अस्पताल पटियाला रेफर कर दिया। फिलहाल घायल सेवादार का इलाज चल रहा है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस चौकी बडरूखां के प्रभारी, थाना लोंगोवाल के एसएचओ और डीएसपी सुनाम तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पूरे गुरुद्वारा परिसर का गहन निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

गांव में तनाव का माहौल : पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, पंचायत ने मांगी जल्द गिरफ्तारी

धार्मिक स्थल पर हुई इस वारदात के बाद बडरूखां और आसपास के गांवों में भारी रोष और तनाव देखा जा रहा है। गांव के सरपंच रणदीप सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य मेजर सिंह और समूची ग्राम पंचायत ने पवित्र स्थान पर हुए इस हमले की सख्त शब्दों में निंदा की है। पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और बेखौफ घूम रहे हमलावरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।

मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुरुद्वारा साहिब परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि हमलावरों की कार और उनकी पहचान का सुराग मिल सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Punjab News : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड को हाईकोर्ट से झटका, निजी स्कूलों से जीएसटी ‌वसूली पर रोक

Click Here : पंजाब, मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ताज़ा खबरों और अपडेट्स से जुड़े रहने के लिए आप हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन कर सकते हैं। ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed