Ambala News: हरियाणा की अनाज मंडियों में धान की धीमी खरीद और सुस्त लिफ्टिंग को लेकर राजनीति गरमा गई है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता और रानियां विधानसभा क्षेत्र से विधायक चौधरी अर्जुन चौटाला शनिवार को अचानक अंबाला कैंट की अनाज मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों और आढ़तियों से सीधा संवाद किया और धान खरीद प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों का जायजा लिया। किसानों की समस्याएं सुनने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने राज्य सरकार के दावों की पोल खोलते हुए कड़े तेवर दिखाए और समस्याओं का स्थाई समाधान न होने पर सड़कों पर उतरने का अल्टीमेटम दे दिया।
नमी के नाम पर कटौतियां बंद हों, मंडियों में लगें ड्राइंग यूनिट
मंडी में किसानों का दर्द साझा करते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि धान में नमी का बहाना बनाकर किसानों के खून-पसीने की कमाई पर डाका डाला जा रहा है और दाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर नमी की समस्या से निपटने के लिए मंडियों में धान सुखाने वाली ‘ड्राइंग यूनिट’ क्यों नहीं स्थापित की जा रही हैं? इसके अलावा उन्होंने प्रति एकड़ 25 क्विंटल की तय सीलिंग (कैपिंग) को भी किसान विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि एक तरफ किसान अधिक पैदावार करने के लिए मेहनत करता है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी बंदिशें उसे अपनी ही फसल बेचने से रोक देती हैं।
जटिल पोर्टल और बायोमेट्रिक प्रक्रिया से किसान बेहाल
इनेलो विधायक ने सरकार की डिजिटल व्यवस्थाओं पर प्रहार करते हुए कहा कि पोर्टल और बार-बार फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) देने की शर्त ने अन्नदाता को चोरों की तरह लाचार बना दिया है। एक जिले का किसान दूसरे जिले की मंडी में फसल नहीं बेच पा रहा, जबकि पूरे प्रदेश के किसान एक समान हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला पहले ही राज्यपाल को इस सिलसिले में ज्ञापन दे चुके हैं। यदि सरकार ने समय रहते पोर्टल व्यवस्था बंद नहीं की, लिफ्टिंग में तेजी नहीं लाई और हर दाना नहीं खरीदा, तो इनेलो किसानों को साथ लेकर पूरे हरियाणा में एक बड़ा जनांदोलन खड़ा करेगी।
सीजेपी प्रदर्शन का समर्थन और कानून व्यवस्था पर सवाल
किसानों के मुद्दों के अलावा अर्जुन चौटाला ने सीजेपी (CJP) के प्रदर्शन का खुलकर समर्थन किया और कहा कि वे इसके पक्ष में आने वाले प्रदेश के पहले विधायक हैं। लोकतांत्रिक अधिकारों की वकालत करते हुए उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और मतदान का अधिकार हर नागरिक की ताकत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे इनेलो कार्यकर्ता को पुलिस ने घर से गिरफ्तार कर लिया, जो सरकार की बौखलाहट को दर्शाता है। साथ ही प्रदेश में बढ़ते अपराध और व्यापारियों को मिल रही धमकियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस का ध्यान अपराध रोकने के बजाय प्रदर्शनकारियों को दबाने में लगाया जा रहा है। वहीं कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि गुटबाजी में बंटी कांग्रेस का खामियाजा जनता भुगत चुकी है।
यह भी पढ़ें– अंबाला में आवारा कुत्ते का खौफ, बच्चे को बचाने के लिए भिड़ी दादी समेत 10 लोगों को काटा

