Immunity Booster Drinks: इम्यूनिटी का सीधा सा मतलब है कि आपका शरीर किसी भी बीमारी या संक्रमण से कितनी मजबूती और कितनी देर तक मुकाबला कर सकता है। अगर आप मौसम बदलते ही बार-बार बीमार पड़ जाते हैं या फिर एक बार बीमार होने के बाद जल्दी ठीक नहीं होते, तो यह साफ संकेत है कि आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी कमजोर हो चुकी है। यूं तो सुहावना ठंड का मौसम ज्यादातर लोगों को बेहद पसंद होता है, लेकिन इसी मौसम में लोग सबसे ज्यादा मौसमी बीमारियों की चपेट में आते हैं। इसके पीछे का मुख्य कारण केवल ठंडी हवाएं नहीं, बल्कि ऐसा वातावरण होता है जिसमें वायरस और बैक्टीरिया सबसे तेजी से पनपते हैं।
कमजोर खानपान और सर्दियों की परेशानियां
विशेषज्ञों के मुताबिक, जिन लोगों का खानपान संतुलित नहीं होता, उन्हें सर्दियों के दिनों में सर्दी-जुकाम, खांसी और थकान जैसी समस्याएं सबसे ज्यादा परेशान करती हैं। ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपका शरीर आने वाली ठंड और उससे जुड़ी परेशानियों का डटकर मुकाबला कर सके, तो आपको अपनी दिनचर्या और खानपान में कुछ बदलाव करने होंगे। कुछ खास नेचुरल ड्रिंक्स को अपनी सुबह या शाम की रूटीन में शामिल करके आप अपनी इम्यूनिटी को मजबूत कर सकते हैं:
1. अदरक की चाय
सर्दियों के दिनों में अदरक की गर्मागरम चाय हर किसी की पहली पसंद होती है। इसकी तासीर गर्म होती है और इसकी सौंधी खुशबू ठंड के दिनों में सुकून देती है। अदरक में ‘जिंजरॉल’ नाम का खास तत्व पाया जाता है, जो शरीर के अंदर की सूजन को कम करने में मददगार साबित होता है। इसे तैयार करने के लिए एक कप पानी में अदरक के कुचले हुए टुकड़े डालकर करीब पांच मिनट तक उबालें। इसके बाद इसे छान लें और चाहें तो इसमें थोड़ा सा नींबू का रस या शहद मिलाकर गर्मागरम चुस्कियां लें।
2. हल्दी वाला दूध
भारतीय घरों में पारंपरिक रूप से पसंद किया जाने वाला हल्दी का दूध किसी वरदान से कम नहीं है। हल्दी में ‘करक्यूमिन’ होता है जो शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर माना जाता है। वहीं, दूध से शरीर को जरूरी प्रोटीन, कैल्शियम और विटामिन बी12 जैसे पोषक तत्व मिल जाते हैं। यह ड्रिंक शरीर को भीतर से गर्माहट देती है और किसी भी तरह के बाहरी इंफेक्शन को रोकने का काम करती है। एक कप गुनगुने दूध में चौथाई चम्मच हल्दी और स्वाद के लिए चुटकीभर काली मिर्च मिलाकर सोने से पहले पीना बेहद फायदेमंद होता है।
3. आंवले का जूस
आंवला विटामिन-सी का सबसे बेहतरीन और प्राकृतिक स्रोत माना जाता है। यह विटामिन हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को दुरुस्त रखने के साथ-साथ शरीर में आयरन के अवशोषण को भी बेहतर बनाता है। इसे घर पर आसानी से बनाने के लिए एक या दो ताजे आंवलों को धोकर काट लें और बीज निकालकर मिक्सी में पीस लें। जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर इसे छान लें और हल्का सा शहद मिलाकर इसका सेवन करें।
4. नींबू और शहद का पानी
सुबह की शुरुआत गुनगुने नींबू पानी के साथ करना शरीर को पूरे दिन हाइड्रेट रखने का सबसे आसान तरीका है। नींबू से शरीर को भरपूर विटामिन-सी मिलता है, जबकि शहद इसमें नेचुरल मिठास और ठंड में गले की खराश से राहत देता है। एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू का रस और एक चम्मच शुद्ध शहद मिलाकर पीने से पाचन तंत्र भी दुरुस्त रहता है।
5. दालचीनी की हर्बल चाय
दालचीनी की भीनी खुशबू और हल्का मीठा स्वाद इसे हर्बल चाय के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनाता है। इसमें मौजूद तत्व एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। एक कप पानी में दालचीनी का छोटा सा टुकड़ा डालकर पांच से दस मिनट तक अच्छी तरह उबाल लें और फिर छानकर पिएं। स्वाद और असर को बढ़ाने के इसमें अदरक की कुछ बूंदें भी मिलाई जा सकती हैं।

