Yamunanagar crime news: हरियाणा के यमुनानगर जिले के प्रताप नगर क्षेत्र स्थित देवधर गांव में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। सगाई के बाद हुए आपसी विवाद में एक युवक ने अपनी ही मंगेतर पर चाकू से हमला कर उसकी गर्दन रेतने की कोशिश की। हमले में 20 वर्षीय युवती लहूलुहान होकर गिर पड़ी, जिसकी गर्दन पर गहरा कट लगने की वजह से करीब 20 टांके आए हैं। घटना के वक्त युवती घर पर अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
कहासुनी के बाद देर शाम घर में घुसकर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, खदरी गांव के रहने वाले 20 वर्षीय जावेद का रिश्ता देवधर गांव में उसकी मासी की बेटी के साथ तय हुआ था। पिछले कुछ दिनों से दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। मंगलवार देर शाम इसी कहासुनी के बीच जावेद अपनी मंगेतर के घर पहुंचा। उस समय घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि जावेद ने अपने पास मौजूद चाकू से युवती की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
नाजुक हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर, गांव में तनाव
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, तो युवती खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। परिजन तुरंत उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन जख्म गहरा होने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। युवती की गर्दन पर 20 टांके लगाए गए हैं और उसकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे देवधर गांव में सन्नाटा और आक्रोश का माहौल है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, पुलिस शिकायत का इंतजार
वारदात की सूचना मिलते ही प्रताप नगर पुलिस की टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। प्रताप नगर थाना प्रभारी रोहतास कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मंगेतर के साथ रिश्ते को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ, इसकी पूरी सच्चाई जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। थाना प्रभारी के मुताबिक फिलहाल परिजनों की तरफ से लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलते ही आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, गुरुग्राम समेत 12 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी

