Kaithal missing child news: हरियाणा के कैथल जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 5 दिन पहले आए तेज तूफान के बीच दुकान पर सामान लेने निकला 8 साल का मासूम बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। मामला माता गेट स्थित बाजीगर धर्मशाला के पास का है, जहां से 24 अक्टूबर की रात अचानक आए तूफान के बाद से बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता मासूम के परिजनों ने शहर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है और रो-रोकर पुलिस प्रशासन से अपने जिगर के टुकड़े को ढूंढने की गुहार लगा रहे हैं।
दुकान पर सामान लेने निकला था मासूम मुन्ना
मूल रूप से बिहार के सिमराहा गांव के रहने वाले वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वे बाजीगर धर्मशाला के पास किराए के मकान में रहकर मेहनत-मजदूरी से अपने परिवार का पेट पालते हैं। 24 अक्टूबर की रात जब अचानक मौसम बिगड़ा और तेज तूफान आया, उससे ठीक पहले उनका सबसे छोटा बेटा मुन्ना पास की एक दुकान से खाने-पीने का सामान लेने गया था। लेकिन कुछ ही देर में धूलभरी आंधी शुरू हो गई और मुन्ना घर वापस नहीं लौटा। काफी देर इंतजार करने के बाद जब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, तो उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
परिवार में छाया मातम, पिता की रो-रोकर अपील
मुन्ना परिवार का सबसे छोटा बच्चा है और पास के ही एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ाई करता है। 5 दिन बीत जाने के बाद भी मासूम का कोई सुराग न मिलने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीड़ित पिता वीरेंद्र सिंह और परिजनों ने आम जनता से भावुक अपील की है कि यदि किसी को भी उनके बेटे के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत पुलिस या परिवार को सूचित करें। गरीब परिवार दर-दर भटककर अपने बच्चे की सुरक्षित वापसी की राह देख रहा है।
पुलिस तलाश में जुटी, एसएचओ ने जताई मदद की उम्मीद
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी चिंता का माहौल है। मामले की जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी (एसएचओ) सतपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर मासूम की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ने शहरवासियों और आसपास के लोगों से अपील की है कि अगर किसी को भी बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत शहर थाना पुलिस को सूचित करें।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, गुरुग्राम समेत 12 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी

