Yamunanagar Missing Nurse Case: यमुनानगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जगाधरी के एक निजी अस्पताल में बतौर नर्सिंग स्टाफ काम करने वाली एक महिला पिछले कुछ दिनों से रहस्यमय हालात में गायब है। हैरानी की बात यह है कि सोमवार को वह पति को अस्पताल जाने की कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बुधवार को शहर के एक पार्क से उसका सामान और एक सुसाइड नोट मिलने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांधी नगर थाना पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, न्यू आबादी कैंप के रहने वाले पवन कुमार मजदूरी का काम करते हैं। उनकी पत्नी मोनिका रानी पिछले 15-20 दिनों से जगाधरी के एक प्राइवेट अस्पताल में नाइट ड्यूटी कर रही थी। सोमवार को मोनिका दोपहर करीब 12 बजे ड्यूटी से घर लौटी थी और फिर दोपहर करीब 2 बजे अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह देर रात तक नहीं लौटी, तो परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन जब पति अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि वह तो कई दिनों से ड्यूटी पर ही नहीं आई थी, जिसके बाद पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
श्रीराम पार्क में मिले बैग और महिला के कपड़े
जांच के दौरान पुलिस को बुधवार को सूचना मिली कि शहर के श्रीराम पार्क में एक पिंक रंग का हैंडबैग, एक भूरे रंग का कपड़े का बैग और महिलाओं के स्पोर्ट्स शूज लावारिस हालत में पड़े हैं। सूचना पाकर गांधी नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सामान को कब्जे में ले लिया।
भूरे रंग के थैले में महिलाओं के कपड़े, जिसमें सफेद फूलदार शर्ट और ग्रे-काले रंग के लोअर शामिल थे, रखे मिले। वहीं, पिंक हैंडबैग के अंदर आर्टिफिशियल ज्वेलरी, एक छोटा काला पर्स, इंजेक्शन, दवाइयां और एक रजिस्टर बरामद हुआ। पुलिस ने जब पति पवन कुमार को थाने बुलाकर इन चीजों को दिखाया, तो उसने रोते हुए कन्फर्म किया कि यह सारा सामान उसकी पत्नी मोनिका का ही है।
“मेरी मौत मुझे बुला रही है…” नोट में लिखी मार्मिक बातें
पुलिस द्वारा बरामद किए गए रजिस्टर के एक पन्ने पर हाथ से लिखा हुआ एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसने इस पूरे मामले को एक गंभीर मोड़ दे दिया है। नोट में मोनिका ने लिखा है कि वह अपने होश-हवास में और बिना किसी दबाव के यह लिख रही है कि वह अपने आप से हिम्मत हार चुकी है।
उसने लिखा, “मुझे कई दिन से अजीब-सा लग रहा था, जैसे मेरी मौत मुझे बुला रही है। यह मुझे रक्षाबंधन से महसूस हो रहा था।” इसके साथ ही उसने अपने पति पवन, तीन बेटों, सास और अन्य परिजनों का जिक्र करते हुए लिखा कि उसे इस घर में बहुत प्यार मिला और उसने अपने 25 साल बहुत अच्छे से बिताए। उसने अपने पति से बच्चों का ख्याल रखने की विनती करते हुए अंत में लिखा, “मेरे मरने के बाद मेरी मिट्टी पलीत मत करना। अपना ध्यान रखना… और अस्पताल से 16 दिन की सैलरी लेनी है, बाकी सब क्लियर है।”
फिलहाल पुलिस ने नोट और मिले हुए सभी सामान को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित सील कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नर्स की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उसकी आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

