Railway Workshop Yamunanagar: संजीव चौहान (यमुनानगर) देश की अग्रणी रेलवे वर्कशॉप में शुमार जगाधरी वर्कशॉप का खेल स्टेडियम इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जिस मैदान से निकलकर युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारनी थी और देश की सेवा का सपना पूरा करना था, वह आज प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार हो चुका है। मैदान में जगह-जगह बने गड्ढे और जलभराव युवाओं के भविष्य की राह में रोड़ा बन रहे हैं। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि पुलिस और सेना में भर्ती होने का सपना देखने वाले सैकड़ों युवाओं को रनिंग ट्रैक छोड़कर मुख्य सड़कों पर पसीना बहाना पड़ रहा है, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
एक तरफ सरकार ‘खेलो इंडिया’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों के जरिए खेल प्रतिभाओं को तराशने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ जगाधरी वर्कशॉप का यह स्टेडियम बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि रामलीला और अन्य आयोजनों के दौरान मैदान में झूले और टेंट लगाने से ट्रैक पूरी तरह से छलनी हो गया है। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे मैदान में दौड़ना तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम से खाली नहीं रह गया है।
बार-बार की गुहार, लेकिन जिम्मेदार बेखबर
स्थानीय खिलाड़ी रमेश, संजय और जीतन कुमार ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि वे स्टेडियम की दुर्दशा को लेकर खेल सचिव से लेकर मुख्य कारखाना प्रबंधक (CWM) तक कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दे चुके हैं। हालांकि, हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही हाथ लगा है। खिलाड़ियों का कहना है कि ऊबड़-खाबड़ ट्रैक पर दौड़ने से पैरों में गंभीर चोट लगने का डर बना रहता है, जिसके चलते उन्हें सुबह-शाम हाईवे और सड़कों के किनारे रनिंग प्रैक्टिस करनी पड़ रही है।
मैदान की मरम्मत और ड्रेनेज सिस्टम की मांग
परेशान खिलाड़ियों और युवाओं ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि मैदान के गड्ढों को तुरंत मिट्टी भरवाकर समतल कराया जाए। इसके अलावा, बरसाती पानी की निकासी के लिए पक्का ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाए ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या न हो। युवाओं का कहना है कि यदि समय रहते स्टेडियम की स्थिति नहीं सुधारी गई, तो कई होनहारों का भविष्य समय से पहले ही अंधकार में डूब जाएगा। अब देखना यह होगा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर रेलवे प्रशासन कब तक नींद से जागता है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

