Yamunanagar news: आगामी त्योहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए हरियाणा में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को यमुनानगर जिले के रामपुरा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी (खाद्य सुरक्षा) विभाग की एक संयुक्त टीम ने ‘बिकानेर मिष्ठान भंडार’ पर अचानक दबिश दी। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस गहन जांच-पड़ताल के दौरान टीम ने दुकान में तैयार की जा रही मिठाइयों और कच्चे माल की गुणवत्ता को परखा।
छेना टोस्ट और खोया के लिए गए सैंपल
छापेमारी के संबंध में जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO) गुलाब सिंह ने बताया कि सीएम फ्लाइंग से मिले गुप्त संदेश के आधार पर यह त्वरित कार्रवाई की गई। टीम ने मिष्ठान भंडार से छेना टोस्ट और खोया के दो अलग-अलग सैंपल सील किए हैं। इन दोनों ही सैंपलों को जांच के लिए राज्य की अधिकृत लैब में भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही खाद्य पदार्थों की शुद्धता की वास्तविक स्थिति साफ हो सकेगी।
मिलावटखोरों पर कसता शिकंजा, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
एफएसओ गुलाब सिंह ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में मिठाइयों की भारी मांग को देखते हुए आम जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में लगातार अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिल सकें। उन्होंने बताया कि लैब रिपोर्ट में यदि किसी भी तरह की मिलावट या खामी पाई जाती है, तो संबंधित मिष्ठान भंडार संचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कार्रवाई में शामिल रहे ये प्रमुख अधिकारी
मंगलवार को हुई इस संयुक्त छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से एफएसओ गुलाब सिंह, मोहित और संजीव कुमार मौजूद रहे। वहीं सीएम फ्लाइंग टीम का नेतृत्व सब-इंस्पेक्टर (SI) हितेंद्र कुमार ने किया, जिनके साथ एसआई परविंद्र, एएसआई सुखविंद्र और एएसआई जनक राज की टीम मुस्तैद रही।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, गुरुग्राम समेत 12 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी

