Yamunanagar News: जिले में लगातार पैर पसार रहा रफ्तार का कहर अब एक और गरीब परिवार की खुशियां लील गया। जगाधरी स्थित समता योग आश्रम के ठीक सामने एक बेकाबू रेनॉल्ट कार ने साइकिल सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 50 वर्षीय लाल बहादुर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके 19 वर्षीय बेटे मनोज को गंभीर चोटें आई हैं। पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। वारदात को अंजाम देने के बाद कार चालक अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गया।
फैक्ट्री से काम निपटाकर किराए के कमरे पर लौट रहे थे पिता-पुत्र
अस्पताल में उपचाराधीन घायल मनोज कुमार ने बताया कि वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के गांव देवरा के रहने वाले हैं। उनके पिता लाल बहादुर पिछले एक साल से जगाधरी की ‘भगत टिंबर प्लाईवुड’ फैक्ट्री में मजदूरी कर रहे थे, जबकि वह खुद तीन महीने पहले ही गांव से अपने पिता के पास काम में हाथ बंटाने आया था। दोनों गंगा नगर कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रहते थे। मंगलवार देर रात जब दोनों पिता-पुत्र रोजाना की तरह अपनी शिफ्ट खत्म कर साइकिल से कमरे पर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह अनहोनी हो गई।
बुढ़िया चौक की तरफ से आई कार ने मारी सीधी टक्कर
मनोज के मुताबिक, साइकिल उनके पिता चला रहे थे और वह पीछे बैठा हुआ था। जैसे ही वे समता योग आश्रम के पास पहुंचे, तभी बुढ़िया चौक की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने गफलत में गाड़ी चलाते हुए उनकी साइकिल में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि लाल बहादुर हवा में उछलकर काफी दूर सड़क पर जा गिरे, जबकि मनोज भी छिटककर दूर जा गिरा। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण लाल बहादुर मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे के बाद राहगीरों का हुजूम जुटने लगा, जिसे देखकर आरोपी चालक अपनी रेनॉल्ट कार को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल मनोज ने हिम्मत जुटाकर अपने चचेरे भाई पंकज को फोन कर हादसे की जानकारी दी। पंकज तुरंत मौके पर पहुंचा और दोनों को ई-रिक्शा के जरिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल ले गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद लाल बहादुर को मृत घोषित कर दिया। बुढ़िया गेट चौकी पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में महिला सम्मान के मुद्दे पर गरमाई सियासत, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर फूंका पुतला

