Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के महमूदपुर गांव के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने आगे चल रही मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर जा गिरी और बस का पहिया सिर के ऊपर से गुजरने के कारण उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं।
भतीजे के साथ अरनौली से घर लौट रही थीं बिमला देवी
सढ़ौरा के वार्ड नंबर-2 निवासी बिमला देवी पिछले कुछ दिनों से अपने मायके गांव अरनौली आई हुई थीं। शनिवार शाम उनका भतीजा सुखविंद्र सिंह, जो मानकपुर इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में काम करता है, उन्हें मोटरसाइकिल पर वापस सढ़ौरा छोड़ने जा रहा था। मृतका के तीन बच्चे हैं, जिनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि उनका एक बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
टक्कर मारकर बस छोड़ भागा चालक
सुखविंद्र सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह महमूदपुर के पास अपनी सही दिशा में बाइक चला रहा था। तभी पीछे से यमुनानगर डिपो की हरियाणा रोडवेज बस के चालक ने गफलत और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
इस हादसे में सुखविंद्र सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर गिर गया, जबकि उसकी बुआ बिमला देवी पक्की सड़क पर गिर गईं और बस की चपेट में आ गईं। हादसे के तुरंत बाद चालक बस को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने दर्ज किया केस, चालक की तलाश जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर जगाधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। एएसआई परविंदर सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया और दोनों वाहनों को किनारे करवाकर रास्ते का यातायात सुचारु कराया।
सदर जगाधरी थाना प्रभारी (SHO) आनंद प्रकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर फरार बस चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में 27 जुलाई से मानसून पकड़ेगा रफ्तार, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

