Narnaul News: जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपियों एवं अदालत द्वारा घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सदर नारनौल के अंतर्गत पुलिस चौकी गहली की टीम ने वर्ष 2019 के सड़क दुर्घटना में मृत्यु से संबंधित मामले में एक घोषित अपराधी (पीओ) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हमीद खान निवासी गांव समली खुर्द, थाना लक्ष्मणगढ़, राजस्थान के रूप में हुई है। आरोपी थाना सदर नारनौल में वर्ष 2019 में दर्ज सड़क दुर्घटना से संबंधित मामले में अदालत द्वारा घोषित अपराधी था। पुलिस चौकी गहली की टीम ने उपनिरीक्षक गोविंद सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को आज 30 अक्टूबर को नियमानुसार गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल नसीबपुर भेज दिया गया।
जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा फरार एवं घोषित अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून से बचने के लिए फरार रहने वाले आरोपियों को भी कानून के दायरे में लाया जाएगा।
यह भी देखें – 19 व 20 नंवबर को आयोजित होगा जिला युवा महोत्सव, ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ रखी गई थीम

