Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के विष्णु नगर इलाके में सरकारी दीवार तोड़ने को लेकर छिड़ा मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घर के सामने बनी सरकारी दीवार को हथौड़े से ढहाने पहुंचे पड़ोसी को जब एक महिला ने रोकने की कोशिश की, तो आरोपी आपा खो बैठा। आरोप है कि सिरफिरे पड़ोसी ने महिला के चेहरे पर हथौड़ा दे मारा और फिर जमीन पर गिरी महिला के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान हालत में परिजन 45 वर्षीय राजविंद्र कौर को यमुनानगर स्थित सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर और मुंह पर गंभीर चोटों की पुष्टि की है।
काम पर गए बेटे को फोन पर मिली हमले की खबर
घायल महिला के बेटे मोनू ने बताया कि वारदात के वक्त वह अपने काम पर गया हुआ था। अचानक मां का फोन आया और उन्होंने रोते-बिलखते बताया कि पड़ोसी ओमप्रकाश ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही जब मोनू घर पहुंचा तो मां खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं और उनके सिर से लगातार खून बह रहा था। मोनू ने तुरंत पड़ोसियों की मदद से मां को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
नशे के धंधे और दीवार लांघने को लेकर पहले भी हो चुका है विवाद
पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मोनू का कहना है कि आरोपी पक्ष इलाके में अवैध नशे का कारोबार करता है। उनके घर के सामने जो सरकारी दीवार बनी हुई है, आरोपी नशा करने और सामान सप्लाई करने के लिए बार-बार उस दीवार को लांघकर दूसरी तरफ जाते हैं। दीवार के कारण सहूलियत न मिलने पर आरोपी उसे तोड़ने की जिद पर अड़े थे। परिजनों का आरोप है कि इससे पहले भी आरोपी उनके भाई के साथ मारपीट कर चुके हैं, लेकिन पड़ोस का मामला होने के कारण वे चुप रह जाते थे।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस को सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यमुनानगर पुलिस का कहना है कि अस्पताल से प्राप्त रुक्के के आधार पर महिला के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में 8 से 13 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

