August 2, 2026

Ateli CHC Upgrade: अटेली सीएचसी बनेगा 50 बेड का उप-मंडल अस्पताल, मेदांता फाउंडेशन संभालेगा कमान

0
Ateli CHC Upgrade: अटेली सीएचसी बनेगा 50 बेड का उप-मंडल अस्पताल, मेदांता फाउंडेशन संभालेगा कमान

अटेली सीएचसी बनेगा 50 बेड का उप-मंडल अस्पताल, मेदांता फाउंडेशन संभालेगा कमान

Ateli CHC Upgrade: महेंद्रगढ़ जिले के अटेली और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से एक बेहद राहत भरी खबर है। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के विशेष प्रयासों से अटेली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सुदृढ़ीकरण और विस्तार की प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुग्राम के प्रतिष्ठित मेदांता अस्पताल की सामाजिक संस्था ‘मेदांता फाउंडेशन-पुअर एंड नीडी पेशेंट्स वेलफेयर ट्रस्ट’ के साथ हुए समझौते (एमओयू) के तहत इस सीएचसी को 50 बेड के उप-मंडल अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मेदांता की सीएसआर टीम ने किया अस्पताल का दौरा, 3 घंटे तक चला मंथन

एमओयू प्रक्रिया के बीच शुक्रवार को मेदांता अस्पताल की सीएसआर प्रमुख कौशल किदवई अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ अटेली सीएचसी पहुंचीं। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार और सीएचसी के एसएमओ डॉ. अशोक सिंगवईया ने टीम को अस्पताल की मौजूदा इमारत और बुनियादी ढांचे का निरीक्षण करवाया।

इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों और मेदांता की टीम के बीच करीब तीन घंटे तक विस्तृत बातचीत हुई, जिसमें अस्पताल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, जरूरी मेडिकल उपकरण जुटाने और भवन की मरम्मत जैसे प्रमुख विषयों पर खाका तैयार किया गया।

महिलाओं व नवजातों के लिए मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर

एमओयू के धरातल पर उतरने के बाद अटेली सीएचसी में विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिलेगा। अस्पताल में प्रसव कक्षों के आधुनिकीकरण के साथ-साथ एक समर्पित सी-सेक्शन (सिजेरियन) ऑपरेशन थिएटर स्थापित किया जाएगा।

इसके अलावा, नवजात शिशुओं के लिए ‘कंगारू मदर केयर’ यूनिट, महिलाओं के लिए प्रिवेंटिव कैंसर स्क्रीनिंग और अत्याधुनिक पॉइंट-ऑफ-केयर डायग्नोस्टिक टेस्टिंग की सुविधा भी अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध होगी।

गांवों तक पहुंचेगी एंबुलेंस और स्वास्थ्य शिविरों की सुविधा

अस्पताल में ओपीडी सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में आउटरीच स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए उन्नत एंबुलेंस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

एसएमओ डॉ. अशोक ने बताया कि मेदांता फाउंडेशन के इस सहयोग से न केवल स्थानीय निवासियों को प्राथमिक और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए नारनौल या गुरुग्राम भागने से मुक्ति मिलेगी, बल्कि अटेली अस्पताल आने वाले समय में क्षेत्र का एक प्रमुख मॉडल हेल्थ सेंटर बनकर उभरेगा।

यह भी पढ़ें– Haryana News: ग्लासगो में हरियाणा के 7 बॉक्सरों ने पक्के किए मेडल, देखें शेड्यूल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed