Faridabad School Murder: फरीदाबाद में स्कूल के अंदर लेडी टीचर की बर्बर हत्या, नकाबपोश ने चाकू से किए 27 वार
फरीदाबाद में स्कूल के अंदर लेडी टीचर की बर्बर हत्या, नकाबपोश ने चाकू से किए 27 वार
Faridabad School Murder: हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक सनसनीखेज और कानून-व्यवस्था को तार-तार कर देने वाली खबर सामने आई है। बल्लभगढ़ के गांव सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार सुबह एक सिरफिरे युवक ने लेडी टीचर संध्या की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी।
आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ था। वारदात की पूरी भयावह तस्वीर सामने आए एक वीडियो में कैद हो गई है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए।
नकाब पहनकर आया, बात करने के बहाने मुख्य गेट पर बुलाया
मूल रूप से डबूआ बल्लभगढ़ की रहने वाली और हाल ही में फिरोजपुर कलां में रह रही संध्या रोज की तरह सोमवार सुबह भी बच्चों को पढ़ाने स्कूल पहुंची थीं। स्कूल खुलने के कुछ ही देर बाद एक संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा लपेटकर वहां पहुंचा और कर्मचारियों से संध्या से मिलने की बात कही। जैसे ही संध्या स्कूल के मुख्य गेट के पास पहुंचीं, घात लगाए बैठे आरोपी ने बिना संभलने का मौका दिए उन पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए।
फर्श पर गिरी शिक्षिका पर भी करता रहा वार, बचाने आए संचालक को भी धमकाया
आरोपी के सिर पर इस कदर खून सवार था कि संध्या के चिल्लाने और भागने के बावजूद वह उन्हें लगातार गोदता रहा। जान बचाने की कोशिश में जब संध्या फर्श पर गिर पड़ीं, तो आरोपी उनके ऊपर बैठकर वार करता रहा।
उसने शिक्षिका की गर्दन, पेट, छाती और चेहरे पर एक के बाद एक करीब 27 वार किए। शोर सुनकर जब स्कूल संचालक तेजपाल उन्हें बचाने दौड़े, तो आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। शिक्षिका के बेसुध होने के बाद ही आरोपी मौके से फरार हो सका।
छेड़खानी की शिकायत से रखता था रंजिश, तलाश में पुलिस की टीमें गठित
अत्यधिक खून बह जाने के कारण शिक्षिका संध्या की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे स्कूल और ग्रामीण इलाके में भारी दहशत और आक्रोश फैल गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने पूर्व में संध्या के साथ छेड़खानी की थी, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। हालांकि उस समय उसने माफी मांग ली थी, लेकिन वह मन ही मन रंजिश पाल बैठा था। चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह भी पढ़ें– Brij Bhushan Acquitted: महिला पहलवान शोषण मामला, दिल्ली कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह को किया बरी
