Jaisalmer News: जैसलमेर की फायरिंग रेंज में धमाका, मशरूम तोड़ने गए किसान की मौके पर मौत, सीने और मुंह पर गंभीर चोट
जैसलमेर की फायरिंग रेंज में धमाका
Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर जिले में बुधवार सुबह सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में हुए विस्फोट में एक किसान की जान चली गई। लाठी थाना क्षेत्र में चाचा गांव से करीब छह किलोमीटर दूर हुए इस हादसे में बिलिया गांव निवासी 40 वर्षीय सत्यनारायण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक वह बाइक से गुजरते समय मशरूम तोड़ने के लिए रुका था। इसी दौरान उसे एक संदिग्ध विस्फोटक जैसी वस्तु मिली और उससे छेड़छाड़ करते ही तेज धमाका हो गया।
हादसे की सूचना सबसे पहले रामदेवरा थाना पुलिस को मिली। एएसआई खीमाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन जांच में घटनास्थल लाठी थाना क्षेत्र का निकला। इसके बाद लाठी थाना पुलिस, पुलिस अधिकारियों और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पोकरण अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया।
मृतक की पहचान, बाइक भी मौके पर मिली
पुलिस ने मृतक की पहचान सत्यनारायण सिंह (40) पुत्र जगत सिंह, निवासी बिलिया, थाना पोकरण, जिला जैसलमेर के रूप में की है। घटनास्थल से उसकी बाइक भी बरामद हुई। पुलिस ने आसपास से विस्फोटक के अवशेष और अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
पोकरण के डीएसपी बुद्धाराम विश्नोई ने बताया कि मृतक किसान था और मशरूम तोड़ने के लिए रास्ते में रुका था। प्रारंभिक जांच के अनुसार उसे वहां एक संदिग्ध विस्फोटक जैसी वस्तु दिखाई दी। जैसे ही उसने उसे पत्थर से तोड़ने का प्रयास किया, जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार सीमावर्ती इलाकों की फील्ड फायरिंग रेंज में सैन्य अभ्यास के बाद धातु के अवशेष और अन्य सामग्री पड़ी रह सकती है। ऐसे क्षेत्रों में बिना अनुमति प्रवेश करना या किसी भी संदिग्ध वस्तु को छूना जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और एफएसएल रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
