Narnaul Cyber Crime: सस्ती जमीन का झांसा देकर मारपीट और ठगी करने वाले राजस्थान के ठग को पुलिस ने दबोचा
सस्ती जमीन का झांसा देकर मारपीट और ठगी करने वाले राजस्थान के ठग को पुलिस ने दबोचा
Narnaul Cyber Crime: सस्ती जमीन का झांसा देकर साइबर ठगी और लूटपाट करने वाले अंतराज्जीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना नारनौल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सेवानिवृत्त अध्यापक को जाल में फंसाकर 9.80 लाख रुपये ऐंठने और मारपीट करने के मामले में दूसरे मुख्य आरोपी जसवीर निवासी गांव धनेटा, नौगांव (जिला अलवर, राजस्थान) को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को सस्ते प्लॉट और जमीन का लालच देकर अपना शिकार बनाता था।
फोन पर दिया लालच, राजस्थान बुलाकर किया मोबाइल छीनने का खेल
मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) फैजल खान ने बताया कि गांव लहरोदा निवासी रिटायर्ड शिक्षक यादराम ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक, कुछ समय पहले उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया, जिसमें अलवर के नौगांव क्षेत्र में बेहद सस्ती कीमत पर जमीन उपलब्ध कराने का लालच दिया गया। शुरुआत में उन्होंने मना कर दिया, लेकिन बार-बार फोन आने और जोर देने पर वे जमीन देखने नौगांव पहुंच गए।
जैसे ही यादराम बताए गए पते पर पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और डरा-धमकाकर फोन का पासवर्ड व बैंकिंग ओटीपी (OTP) हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने तुरंत उनके खाते से 1.20 लाख रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए।
दोस्त से मंगवाए 8.60 लाख रुपये, दी जान से मारने की धमकी
लूटपाट इतने पर ही नहीं रुकी। बदमाशों ने रिटायर्ड टीचर को हथियार का भय दिखाकर और जान से मारने की धमकी देकर अपने किसी दोस्त या रिश्तेदार से और पैसों का इंतजाम करने को कहा।
दहशत में आए पीड़ित ने अपने मित्र सुरेश को फोन करके तुरंत 8 लाख 60 हजार रुपये की व्यवस्था करने को कहा। आरोपियों ने यादराम के ही फोन से अपना बैंक खाता नंबर भेजा, जिस पर उनके दोस्त ने रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपी पीड़ित को बदहवास हालत में छोड़कर और मुंह खोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
4 जुलाई को हुई थी पहली गिरफ्तारी, अब जसवीर भी गया जेल
घर लौटने के बाद पीड़ित शिक्षक ने तुरंत नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर नारनौल साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों (Technical Surveillance) और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीते 4 जुलाई को गिरोह के एक सदस्य को दबोचा था। इसी कड़ी में अब दूसरे आरोपी जसवीर को राजस्थान के नौगांव से गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है।
“साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल”: एएसपी की अपील
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने आमजन को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के लुभावने ऑफर्स या सस्ती जमीन-प्लॉट के झांसे में न आएं। यदि किसी के साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन ठगी होती है, तो बिना वक्त गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं। घटना के तुरंत बाद (Golden Hours में) शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई रकम को बैंक खातों में ही होल्ड कराने और वापस मिलने की गुंजाइश काफी बढ़ जाती है।
यह भी पढ़ें–Narnaul Theft News: नारनौल में बंद मकान से 2 लाख कैश और जेवर चोरी, पिता के तीये में रोहतक गया था परिवार
