Panchkula Road Accident: पिंजौर में बड़ा सड़क हादसा, सवारियों से भरा ऑटो पलटने से 4 साल की बच्ची समेत पांच लोग घायल
पिंजौर में बड़ा सड़क हादसा
Panchkula Road Accident: पंचकूला जिले के पिंजौर-नालागढ़ रोड पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हुडा सेक्टर के पास सवारियों से भरा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। हादसे के समय ऑटो में कई यात्री सवार थे। दुर्घटना में चार साल की बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए पिंजौर अर्बन पॉलीक्लिनिक सेंटर पहुंचाया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार ऑटो खेड़ावाली से सवारियां लेकर सूरजपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में हुडा सेक्टर के पास चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद ऑटो डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचाई मदद
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। समय रहते लोगों की मदद मिलने से घायलों को जल्द उपचार मिल सका।
चार साल की बच्ची को आए टांके
पिंजौर अर्बन पॉलीक्लिनिक सेंटर के डॉक्टर राजीव भारद्वाज ने बताया कि सूचना मिलते ही अस्पताल से एम्बुलेंस रवाना की गई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में घायल चार वर्षीय बच्ची खुशी के सिर पर चोट लगने के कारण दो टांके लगाने पड़े।
ऑटो चालक समेत दो की हालत गंभीर
हादसे में ऑटो चालक सतबीर और एक अन्य घायल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल, पंचकूला रेफर कर दिया गया। दोनों का वहां इलाज जारी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गई है।
