August 7, 2026

Kanina New Bus Stand: 52 साल का इंतजार खत्म! कनीना में 6.75 करोड़ से बनेगा आधुनिक बस स्टैंड, टेंडर जारी

0
Kanina New Bus Stand: 52 साल का इंतजार खत्म! कनीना में 6.75 करोड़ से बनेगा आधुनिक बस स्टैंड, टेंडर जारी

52 साल का इंतजार खत्म! कनीना में 6.75 करोड़ से बनेगा आधुनिक बस स्टैंड

Kanina New Bus Stand: सोनल यादव, नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था को एक नया मुकाम मिलने जा रहा है। पिछले पांच दशकों से जर्जर और पुरानी व्यवस्था के सहारे चल रहे कनीना बस स्टैंड का अब पूरी तरह कायाकल्प होगा। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री व अटेली की विधायक आरती सिंह राव के विशेष प्रयासों से कनीना में 6 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से 6-बे वाला आधुनिक बस स्टैंड बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) ने आधिकारिक रूप से ई-टेंडर जारी कर दिए हैं। निर्माण कार्य को 455 दिनों की तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। नया बस अड्डा बनने से न केवल कनीना बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के दैनिक यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी।

1974 में रखी गई थी नींव, अब मिलेगा आधुनिक स्वरूप

गौरतलब है कि मौजूदा कनीना बस स्टैंड का निर्माण 22 दिसंबर 1974 को शुरू हुआ था और 4 जून 1983 को इसका विधिवत उद्घाटन किया गया था। पिछले 52 वर्षों में क्षेत्र की आबादी और यात्रियों की आवाजाही कई गुना बढ़ गई, लेकिन बुनियादी सुविधाएं पुरानी ही बनी रहीं। क्षेत्रवासी लंबे समय से नया और सुविधायुक्त बस अड्डा बनाने की मांग कर रहे थे, जो अब धरातल पर उतरने जा रहा है।

दिल्ली, जयपुर और चंडीगढ़ के लिए आसान होगा सफर

कनीना एक प्रमुख रणनीतिक जंक्शन है, जहां से रोजाना हजारों यात्री दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़, राजस्थान, रेवाड़ी, नारनौल, चरखी दादरी, झज्जर और कोसली जैसे मुख्य मार्गों पर सफर करते हैं। नया बस स्टैंड बनने के बाद बसों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी, जिससे ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।

हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा नया परिसर

प्रस्तावित 6-बे बस अड्डे में यात्रियों के लिए बड़ा वेटिंग हॉल, आधुनिक टिकट काउंटर, पेयजल, महिला-पुरुषों के लिए अलग शौचालय, व्यवस्थित पार्किंग और दिव्यांग अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। इसके अलावा डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के जरिए बसों के आगमन और प्रस्थान का सटीक समय भी पता चलेगा।

ई-टेंडरिंग से होगी पारदर्शिता, व्यापार को भी मिलेगी गति

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन निविदाएं 20 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक मांगी गई हैं, जिन्हें 21 अगस्त को खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बस स्टैंड सिर्फ परिवहन का केंद्र नहीं बनेगा, बल्कि इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी। यह परियोजना कनीना के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

यह भी पढ़ें– हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे नरवाना के दो कांवड़ियों की यमुनानगर में मौत, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed