August 7, 2026

Ladwa News: लाडवा में रामलीला की तैयारियां तेज, सचिन गर्ग बने चेयरमैन, 15 अगस्त से सजने लगेगा रिहर्सल का मंच

0
Ladwa News: लाडवा में रामलीला की तैयारियां तेज, सचिन गर्ग बने चेयरमैन, 15 अगस्त से सजने लगेगा रिहर्सल का मंच

लाडवा में रामलीला की तैयारियां तेज, सचिन गर्ग बने चेयरमैन

Ladwa News: लाडवा, (कैलाश गोयल) लाडवा शहर की ऐतिहासिक ‘श्री राम हनुमान रामलीला समिति’ की एक अहम बैठक समिति के प्रधान के कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 4 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे रामलीला मंचन की तैयारियों पर बारीकी से मंथन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आयोजन को अधिक भव्य रूप देने के लिए शहर के कई प्रबुद्ध एवं प्रतिष्ठित लोगों को संस्था से जोड़ते हुए संगठन का विस्तार किया गया।

15 अगस्त से शुरू होगा रिहर्सल का दौर, कई गणमान्य संस्था में शामिल

बैठक की जानकारी देते हुए समिति के डायरेक्टर कुश गर्ग ने बताया कि इस बार की रामलीला को और अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने का खाका तैयार कर लिया गया है। कलाकारों की तैयारियों के लिए 15 अगस्त से नियमित रिहर्सल शुरू कर दी जाएगी। वर्तमान में समिति से करीब 70 सदस्य जुड़े हैं, लेकिन व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नए सदस्यों को जिम्मेदारी दी जा रही है।

वरिष्ठ सदस्य डॉ. अशोक निर्मल की अनुशंसा पर शहर के जाने-माने समाजसेवी सचिन गर्ग को समिति का नया चेयरमैन मनोनीत किया गया। इसके अलावा रोटरी क्लब के प्रधान राजेश मिगलानी, पंजाबी सभा के प्रधान राकेश खुराना, बृजमोहन शर्मा और मुकेश कुमार सहित कई गणमान्य नागरिकों को पटका पहनाकर समिति की सदस्यता दिलाई गई।

डिजिटल दौर में युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना मुख्य ध्येय

समिति के संरक्षक जोगध्यान ने कहा कि वर्षों से पुराने सदस्य निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन बदलते समय के साथ युवाओं का जुड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस दौर में नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और धार्मिक मूल्यों से दूर होती जा रही है। यही वजह है कि इस वर्ष रामलीला को आधुनिक तकनीक और नए कलेवर के साथ प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि बच्चे और युवा भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति के गूढ़ महत्व को आसानी से समझ सकें।

‘रामलीला को भव्य और अनुशासित बनाना प्राथमिकता’: सचिन गर्ग

नवनियुक्त चेयरमैन सचिन गर्ग ने दायित्व सौंपने पर समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वे उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरे उतरेंगे। श्रीराम के आदर्शों के प्रचार-प्रसार और रामलीला के सफल आयोजन के लिए पूरी टीम एकजुट होकर काम करेगी। उनका प्रयास रहेगा कि इस बार का मंचन पहले से कहीं अधिक भव्य, अनुशासित और यादगार बने।

इस अवसर पर डायरेक्टर कुश गर्ग, उपप्रधान नरेश गर्ग, अमित सिंघल, घनश्याम कंबोज, अरुण करुड़वाल, योगेंद्र कंबोज, रणित कंबोज, सोमनाथ, अनिल मलिक, इशू कंबोज और देवराज सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र के पिहोवा में किसानों की मुस्तैदी, ट्यूबवेल केबल चोर को रंगे हाथों पकड़ा, गले में तार डालकर पुलिस को सौंपा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed