Kurukshetra Pehowa News: कुरुक्षेत्र के पिहोवा में किसानों की मुस्तैदी, ट्यूबवेल केबल चोर को रंगे हाथों पकड़ा, गले में तार डालकर पुलिस को सौंपा
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में किसानों की मुस्तैदी, ट्यूबवेल केबल चोर को रंगे हाथों पकड़ा, गले में तार डालकर पुलिस को सौंपा
Kurukshetra Pehowa News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा इलाके में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों को आखिरकार बड़ी कामयाबी मिली है। इस्हाक और स्योंसर गांव के पास किसानों ने रात के अंधेरे में खेतों से ट्यूबवेल की केबल काटकर भाग रहे एक चोर को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के सिर पर रखे कट्टे से चोरी की गई बिजली की कई केबल बरामद हुई हैं। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
रात 9 बजे खेत जा रहे किसान को हुआ शक, शोर मचाकर पकड़ा
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और इस्हाक गांव के किसान बलजीत सिंह ने बताया कि स्योंसर गांव के पास उनके खेत स्थित हैं। गुरुवार रात करीब 9 बजे जब वे अपने खेत की रखवाली के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें रास्ते में एक व्यक्ति सिर पर भारी कट्टा रखकर आता दिखाई दिया। रात के समय सुनसान रास्ते पर संदिग्ध हरकत देखकर बलजीत सिंह ने उसे रोक लिया और पूछताछ शुरू कर दी। जब उससे कट्टे में रखे सामान के बारे में पूछा गया, तो वह घबरा गया और कोई साफ जवाब नहीं दे पाया।
कट्टे से निकली 2-3 ट्यूबवेलों की कटी तारें, गले में केबल डाल किसानों ने बिठाया
शक गहराने पर जब किसान बलजीत ने कट्टा खोलकर देखा, तो उसमें से ट्यूबवेलों की कटी हुई महंगी कॉपर केबल निकली। पकड़े जाने के डर से आरोपी कट्टा छोड़कर भागने लगा, लेकिन बलजीत सिंह ने तुरंत शोर मचा दिया। आवाज सुनते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसान मौके की ओर दौड़ पड़े और घेराबंदी कर भाग रहे चोर को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह पहले ही 2-3 खेतों से केबल काट चुका था। आक्रोशित किसानों ने आरोपी के गले में वही कटी हुई केबल डाल दी और पुलिस के आने तक उसे मौके पर ही बैठाए रखा।
स्योंसर का रहने वाला है आरोपी, गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी पुलिस
डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में लिया और पिहोवा थाने पहुंचाया। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान पास के ही गांव स्योंसर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह इस चोरी की वारदात में अकेला शामिल था या उसके साथ कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है। इसके साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है ताकि इलाके में हुई पिछली केबल चोरियों का भी सुराग लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें– हरियाणा का नया औद्योगिक रोडमैप, 10 अगस्त को करनाल से लागू होगी MSME व एक्सपोर्ट पॉलिसी 2026
