August 8, 2026

Narnaul Traffic Route: नारनौल में बदला ट्रैफिक रूट, CM के आगमन पर महावीर चौक से हुडा सेक्टर रोड बंद, सिंघाना मार्ग से निकलेंगे वाहन

0
Narnaul Traffic Route: नारनौल में बदला ट्रैफिक रूट, CM के आगमन पर महावीर चौक से हुडा सेक्टर रोड बंद, सिंघाना मार्ग से निकलेंगे वाहन

नारनौल में बदला ट्रैफिक रूट, CM के आगमन पर महावीर चौक से हुडा सेक्टर रोड बंद, सिंघाना मार्ग से निकलेंगे वाहन

Narnaul Traffic Route: (धर्म नारायण शर्मा) पिछले करीब एक पखवाड़े से मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में दिन-रात जुटे जिला प्रशासन के लिए अब अपनी मुस्तैदी और बेहतर व्यवस्था दिखाने का वक्त आ गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार देर शाम नारनौल पहुंचेंगे और रविवार सुबह ठीक 6 बजे ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ तथा ‘हाफ मैराथन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

वीआईपी मूवमेंट, मैराथन के धावकों और तिरंगा यात्रा में उमड़ने वाली भारी भीड़ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन व यातायात पुलिस ने शहर के ट्रैफिक रूट में बड़ा बदलाव किया है।

महावीर चौक से हुडा सेक्टर मोड़ तक मार्ग पूरी तरह बंद, दोपहर से लगे नाके

सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस ने शनिवार दोपहर 3 बजे से ही महावीर चौक से लेकर महेंद्रगढ़ रोड स्थित हुडा सेक्टर मोड़ तक के पूरे मुख्य मार्ग को आम यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। इस मार्ग पर पुलिस बैरिकेड्स और नाके लगा दिए गए हैं। इस मुख्य रूट से गुजरने वाले तमाम छोटे-बड़े वाहनों को सिंघाना रोड के रास्ते डाइवर्ट किया गया है। यातायात पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, यह अस्थायी रूट डायवर्जन रविवार को मुख्यमंत्री के नारनौल से प्रस्थान करने के बाद ही हटाया जाएगा।

85 हजार से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद, चप्पे-चप्पे पर पहरा

प्रशासनिक अनुमान के अनुसार, रविवार सुबह आयोजित होने वाली हाफ मैराथन में करीब 60 हजार से अधिक युवाओं और धावकों के भाग लेने की संभावना है, जबकि हर घर तिरंगा यात्रा में भी 25 हजार से अधिक नागरिक शिरकत करेंगे। इतनी बड़ी तादाद में जुटने वाली भीड़ और मुख्यमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

ट्रैफिक पुलिस की सख्त हिदायत— मैराथन रूट पर न करें वाहन पार्क

9 अगस्त को आयोजित होने वाली 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर मैराथन को सुचारू और बाधारहित संपन्न कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। यातायात पुलिस ने साफ किया है कि मैराथन के निर्धारित रूट, विशेषकर महावीर चौक और उससे लगते इलाकों में शनिवार और रविवार को कोई भी व्यक्ति अपना वाहन खड़ा न करे।

नियम तोड़ने पर कटेगा चालान, निर्धारित पार्किंग का करें इस्तेमाल

पुलिस अधिकारियों ने सचेत किया है कि मैराथन रूट पर खड़े वाहन धावकों के रास्ते में बाधा बनने के साथ-साथ किसी दुर्घटना का कारण भी बन सकते हैं। इसलिए यदि कोई वाहन मैराथन मार्ग पर खड़ा पाया गया, तो उसका नियमानुसार चालान कर जुर्माना वसूला जाएगा या वाहन को क्रेन से उठवा लिया जाएगा। महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए वाहनों को केवल तयशुदा पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करने की सलाह दी है ताकि आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाया जा सके।

यह भी पढ़ें– Charkhi Dadri News: चरखी दादरी में थाने के बाहर गोलियां चलाने वाला रोहित कातिया एनकाउंटर में गिरफ्तार, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed