Narnaul Dak Kanwar: ‘बम-बम भोले’ से गूंजा नारनौल, आरआर ग्रुप की 5वीं डाक कांवड़ हरिद्वार रवाना, 11 अगस्त को जलाभिषेक
'बम-बम भोले' से गूंजा नारनौल, आरआर ग्रुप की 5वीं डाक कांवड़ हरिद्वार रवाना, 11 अगस्त को जलाभिषेक
Narnaul Dak Kanwar (धर्म नारायण शर्मा): सावन के पावन महीने में शहर का माहौल पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग गया है। इसी कड़ी में नारनौल का प्रसिद्ध आरआर (RR) ग्रुप अपनी पांचवीं डाक कांवड़ लाने के लिए पूरे उत्साह और आस्था के साथ हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। कांवड़ यात्रियों के जत्थे ने अपनी इस धार्मिक यात्रा का शुभारंभ शहर के अति प्राचीन एवं ऐतिहासिक मोड़ावाला शिव मंदिर से किया। रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने शिवालय में भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन कर आशीर्वाद लिया।
36 घंटे की अनवरत दौड़ के बाद पहुंचेगा गंगाजल
ग्रुप के सदस्य लक्ष्य जांगिड़ ने बताया कि हर साल सावन के पवित्र माह में उनका ग्रुप हरिद्वार से गंगाजल लाकर मोड़ावाला मंदिर में स्थापित शिवलिंग का जलाभिषेक करता है। इस बार की समय-सारणी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 9 अगस्त की रात ठीक 9:15 बजे हरिद्वार से पवित्र गंगाजल उठाकर डाक कांवड़ यात्रा शुरू होगी। इसके बाद दल के सदस्य बिना रुके, निरंतर दौड़ते हुए 11 अगस्त की सुबह 9:15 बजे नारनौल पहुंचेंगे, जहां बाबा मोड़ावाला का गंगाजल से महाअभिषेक किया जाएगा।
31 शिवभक्तों की टोली, शहरवासियों ने दिया आशीर्वाद
रवि राव के कुशल संचालन में रवाना हुई इस 31 सदस्यीय टोली में युवाओं का खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जत्थे में कुकू पंडित, प्रवीण गोस्वामी, विशु पंडित, अंकित जांगिड़, प्रिंस, यशपाल और मनीष सोनी सहित कई कांवड़िया शामिल हैं।
कांवड़ियों के दल को रवाना करने और उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए मंदिर प्रांगण में प्रबुद्धजनों का जमावड़ा लगा रहा। इस मौके पर प्रेमचंद शर्मा, धर्मेन्द्र गोस्वामी, पुजारी राजेन्द्र गुसाई, रामेश्वर शर्मा, खेमचंद शर्मा, सुधीर यादव और पोकर सैनी सहित कई गणमान्य नागरिकों ने शिवभक्तों को तिलक लगाकर और फूलमालाएं पहनाकर हरिद्वार के लिए विदा किया।
