Gurugram News: गुरुग्राम में 10वीं की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, पेट दर्द पर खुला गर्भवती होने का राज
गुरुग्राम में 10वीं की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, पेट दर्द पर खुला गर्भवती होने का राज
Gurugram News: साइबर सिटी के नाथूपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा को झांसे में लेकर लगातार दुष्कर्म किए जाने का मामला उजागर हुआ है। आरोपी स्थानीय परचून की दुकान पर काम करने वाला एक युवक है, जिसने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर लंबे समय तक खामोश रखा। मामले का भंडाफोड़ तब हुआ जब पीड़िता को अचानक पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की पुष्टि की।
परचून दुकान के कारिंदे ने बनाया हवस का शिकार
डीएलएफ फेज-3 पुलिस थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित किशोरी अपनी मां के साथ नाथूपुर इलाके में रहती है और स्थानीय स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है। किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि पास ही स्थित एक परचून की दुकान पर काम करने वाले युवक से उनकी बेटी की पिछले करीब एक साल से जान-पहचान थी।
आरोप है कि युवक ने पहले तो नाबालिग को अपने जाल में फंसाया और फिर डरा-धमकाकर लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब भी किशोरी ने विरोध करने या किसी को बताने की कोशिश की, आरोपी उसे और उसके परिवार को खत्म करने की धमकी देकर चुप करा देता था।
अस्पताल में डॉक्टरी जांच के दौरान खुला कड़वा सच
बीती 5 अगस्त को जब किशोरी के पेट में असहनीय दर्द हुआ, तो परिजन घबराकर उसे तुरंत सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जब डॉक्टरों ने किशोरी का परीक्षण किया, तो उसके गर्भवती होने की बात सामने आई। यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अस्पताल से घर लौटने पर परिजनों ने जब बेटी को दुलारकर पूछताछ की, तो उसने सिसकते हुए आरोपी की पूरी हैवानियत और धमकियों की दास्तान उगल दी।
पुलिस ने पोक्सो एक्ट में दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
अस्पताल से मिली रुक्का सूचना और परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और पोक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच कर रही पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही आरोपी की लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
