August 8, 2026

Karnal Bus Accident: करनाल में कार ने मारे अचानक ब्रेक, आपस में टकराईं हरियाणा रोडवेज की 2 बसें

0
Karnal Bus Accident: करनाल में कार ने मारे अचानक ब्रेक, आपस में टकराईं हरियाणा रोडवेज की 2 बसें

करनाल में कार ने मारे अचानक ब्रेक, आपस में टकराईं हरियाणा रोडवेज की 2 बसें

Karnal Bus Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग पर करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां हरियाणा रोडवेज की दो बसें आपस में बुरी तरह टकरा गईं। आगे चल रही एक प्राइवेट कार के अचानक ब्रेक लगाने की वजह से यह हादसा हुआ, जिसमें एक बस चालक और करीब छह यात्री घायल हो गए। जोरदार भिड़ंत के बाद जीटी रोड पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

एक के बाद एक लगे ब्रेक, नियंत्रण खो बैठी पीछे वाली बस 

प्रत्यक्षदर्शियों और बस स्टाफ से मिली जानकारी के अनुसार, करनाल डिपो की बस पानीपत की तरफ से आ रही थी, जबकि झज्जर डिपो की बस चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही बसें बसताड़ा टोल के समीप पहुंचीं, तो झज्जर डिपो की बस के आगे चल रही दो कारों में से एक चालक ने अचानक कसकर ब्रेक लगा दिए। हादसे से बचने के लिए झज्जर डिपो की बस के चालक ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन ठीक पीछे चल रही करनाल डिपो की बस के चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बस सीधे झज्जर डिपो की बस से जा भिड़ी।

दोनों बसें क्षतिग्रस्त, कार चालक मौके से चंपत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे टकराई बस का अगला हिस्सा और आगे वाली बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। झज्जर डिपो की बस के कंडक्टर ओमबीर ने बताया कि अचानक आगे गाड़ी रुकने की वजह से ब्रेक लगाने पड़े थे, लेकिन पीछे से आ रही बस तेज रफ्तार में होने के कारण समय पर नहीं रुक सकी। इस दुर्घटना में बस चालक और 5-6 यात्रियों को चोटें आई हैं। वहीं, हादसे की वजह बनी कार का चालक स्थिति बिगड़ती देख मौके से गाड़ी समेत फरार हो गया।

क्रेन से हटवाई गईं बसें, पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि सभी घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवा दिया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के कारण हाईवे पर बाधित हुए यातायात को सुचारू करने के लिए दोनों क्षतिग्रस्त बसों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे करवाकर कब्जे में ले लिया गया है। वहीं, बसों में सवार अन्य बाकी यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें– Charkhi Dadri News: चरखी दादरी में थाने के बाहर गोलियां चलाने वाला रोहित कातिया एनकाउंटर में गिरफ्तार, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed