Narnaul Half Marathon: नारनौल में नशा मुक्त मैराथन में दौड़े सीएम नायब सैनी और आरती राव, उमड़ा युवाओं का सैलाब
नारनौल में नशा मुक्त मैराथन में दौड़े सीएम नायब सैनी और आरती राव, उमड़ा युवाओं का सैलाब
Narnaul Half Marathon: दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान के तहत रविवार को एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। नारनौल के महेंद्रगढ़ रोड स्थित सेक्टर-1 मुख्य गेट (नूनी शेखपुरा मोड़) से शुरू हुई हाफ मैराथन में केवल जिला ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों से आए हजारों धावकों ने शिरकत की।
सुबह से ही महावीर चौक तक बच्चों और युवाओं की भारी भीड़ जुट गई थी। मैराथन में 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दो अलग-अलग स्पर्धाएं कराई गईं, जिनके विजेताओं को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंच से नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सीएम सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी लगाई दौड़, नशा न करने की दिलाई शपथ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस आयोजन की गूंज सिर्फ नारनौल या महेंद्रगढ़ तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे देश में नशा मुक्ति का मजबूत संदेश देगी। युवाओं का जोश बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री सैनी खुद मैदान में उतरे और नेताओं संग दौड़ लगाई। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, सांसद धर्मवीर सिंह, विधायक ओमप्रकाश यादव और कंवर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों ने ट्रैक पर कदमताल कर युवाओं को ‘न नशा करेंगे, न करने देंगे’ का संकल्प दिलाया।
मंच से राज्यस्तरीय ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आगाज, 17 अगस्त तक चलेंगे कार्यक्रम
मैराथन के इस विशाल मंच का उपयोग मुख्यमंत्री ने एक और बड़े राष्ट्रव्यापी अभियान के लिए किया। सीएम सैनी ने यहीं से प्रदेश स्तरीय ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की औपचारिक शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को समर्पित यह विशेष अभियान आगामी 17 अगस्त तक पूरे हरियाणा में जोर-शोर से चलाया जाएगा। इस दौरान जिला स्तर से लेकर गांव-गांव तक सांस्कृतिक और देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उमस और रूट डायवर्जन ने बढ़ाई आफत, डायल 112 तक पहुंची घबराहट की कॉल
एक तरफ जहां देशभक्ति के गीतों पर युवा थिरक रहे थे, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक इंतज़ामों में खामियां भी नज़र आईं। भारी भीड़ और उमसभरी गर्मी के बीच बच्चों की हालत बिगड़ने लगी, जिससे घबराकर एक अभिभावक ने डायल 112 पर फोन कर बच्चों का दम घुटने की शिकायत कर दी।
इसके अलावा सुरक्षा के नाम पर महेंद्रगढ़ रोड को पूरी तरह सील कर दिए जाने से आम लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को 8 से 10 किलोमीटर का लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ा, जिससे दो दिनों तक नारनौल शहर का यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
भीड़ में बिछड़ी मासूम, आधे घंटे बाद पुलिस ने परिजनों से मिलाया
मैराथन के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक सरकारी स्कूल की छात्रा भीड़ में अपने शिक्षकों और सहपाठियों से बिछड़ गई। घबराई हुई बच्ची रोते-बिलखते मुख्य मंच तक पहुंच गई। हालांकि डर के मारे वह अपने स्कूल का नाम भी नहीं बता पा रही थी। लगभग आधे घंटे तक बच्ची को मंच पर ही सुरक्षित बिठाया गया, जिसके बाद मौके पर तैनात महिला पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर बच्ची को उसके अध्यापकों के सुपुर्द किया।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, हिसार मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
