E20 Petrol: ’15 हजार में फुल हुई टंकी’ – 167 रुपये लीटर पेट्रोल डलवाकर बोले पंजाबी सिंगर रेशम सिंह अनमोल
'15 हजार में फुल हुई टंकी' - 167 रुपये लीटर पेट्रोल डलवाकर बोले पंजाबी सिंगर रेशम सिंह अनमोल
E20 Petrol: पंजाब और हरियाणा के लोकप्रिय पजाबी गायक रेशम सिंह अनमोल ने पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण के कारण गाड़ियों में आ रही तकनीकी खराबी को लेकर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। रविवार को मोहाली एयरपोर्ट रोड स्थित एक पेट्रोल पंप से जारी अपने ताज़ा वीडियो में अनमोल अपनी सफेद रंग की लैंड रोवर डिफेंडर-110 में 167 रुपये प्रति लीटर वाला ‘XP100’ हाई-ऑक्टेन पेट्रोल डलवाते दिखे। वीडियो में वे राहत की सांस लेते हुए कहते नजर आए—”शुक्र है मेरे वाहेगुरु का, बड़ी मुश्किल से यह प्योर पेट्रोल मिला है।”
13 हजार का बिल और आम आदमी की चिंता: ‘हम तो 500 रुपये लीटर भी डलवा लेंगे, पर गरीब कहां जाएगा?’
पेट्रोल डलवाने के दौरान जब पंप कर्मी ने 30 लीटर से अधिक XP100 लेने पर गिफ्ट देने की पेशकश की, तो सिंगर ने विनम्रता से इनकार करते हुए कहा कि शुद्ध पेट्रोल मिल जाना ही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। टंकी फुल होने पर 13,000 रुपये का बिल बना। अनमोल ने कहा कि 2-3 हजार का तेल पहले से था, यानी करीब 15 हजार में टंकी फुल हुई है। उन्होंने कहा, “मैं तो 500 रुपये लीटर भी डलवा लूंगा, लेकिन वो गरीब या मिडिल क्लास आदमी कहां जाएगा जिसकी मेहनत की कमाई से खरीदी गाड़ी इस इथेनॉल वाले तेल से खराब हो रही है?”
‘मैं खुद भुगत चुका हूं दर्द’— फ्यूल पंप खराब होने के बाद लगातार तीसरा हमला
गौरतलब है कि इथेनॉल मिश्रित E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से अनमोल की नई डिफेंडर का फ्यूल पंप पहले ही जल चुका है और गाड़ी बीच सड़क पर झटके मारकर बंद हो गई थी। इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठाने के कारण उन्हें धमकियां मिलीं और सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया गया। इसके बावजूद अनमोल पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि अब उन्हें लगातार आम लोगों के मैसेज आ रहे हैं कि इथेनॉल मिक्स पेट्रोल से गाड़ियों का माइलेज आधा रह गया है।
सरकार से मांग: शुद्ध पेट्रोल के दाम घटें और हर हाईवे-गांव के पंप पर मिले ऑप्शन
अपनी गाड़ी ड्राइव करते हुए रेशम सिंह अनमोल ने कहा कि प्योर पेट्रोल डलवाते ही गाड़ी का पिकअप और परफॉर्मेंस एकदम बदल गया है। उन्होंने केंद्र सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय से दो प्रमुख मांगें रखी हैं—पहला, प्योर पेट्रोल (बिना इथेनॉल वाला) के दाम कम किए जाएं ताकि आम आदमी भी इसे खरीद सके। दूसरा, हाईवे और ग्रामीण इलाकों के कम से कम 30 से 40 फीसदी पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल का विकल्प जरूर उपलब्ध कराया जाए, ताकि लंबी दूरी पर जाने वाले वाहन चालकों को जगह-जगह भटकना न पड़े।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, हिसार मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
