August 10, 2026

Yamunanagar News: यमुनानगर में गलती से निगली जहरीली दवा, 3 दिन इलाज के बाद 28 साल के युवक की मौत

0
Yamunanagar News: यमुनानगर में गलती से निगली जहरीली दवा, 3 दिन इलाज के बाद 28 साल के युवक की मौत

यमुनानगर में गलती से निगली जहरीली दवा, युवक की मौत

Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के तहत आने वाले दसौरी गांव में एक घर की खुशियां मातम में बदल गईं। बीमारी के इलाज के दौरान अनजाने में जहरीला पदार्थ निगल जाने के कारण 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान दसौरी गांव निवासी नपीश के रूप में हुई है, जो मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

घर पर दवाई समझकर गटक गया जहरीला पदार्थ

छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर पूरी घटना शुक्रवार की है। नपीश की तबीयत ठीक न होने के कारण वह घर पर ही आराम कर रहा था। इसी दौरान उसने धोखे से दवाई समझकर पास में रखी कोई दूसरी विषैली दवा निगल ली। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और उल्टी-घबराहट की शिकायत होने पर हड़कंप मच गया।

निजी अस्पताल में 3 दिन चला इलाज, रविवार को तोड़ा दम

हालत बिगड़ते देख परिजन उसे तत्काल पास के खिजराबाद सरकारी अस्पताल ले गए। हालांकि, शुरुआती इलाज के बाद भी जब उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं आया और स्वास्थ्य गिरता चला गया, तो डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में नपीश को यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां आईसीयू में तीन दिनों तक चले डॉक्टर के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और रविवार शाम उसने अंतिम सांस ली।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर कुलदीप ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया था। सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के प्राथमिक बयान दर्ज कर लिए गए हैं और विसरा सैंपल व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजहों की पुष्टि होगी।

यह भी पढ़ें–  सोनीपत बड़े बाजार में भीषण हादसा, श्याम बैग हाउस में लगी भयंकर आग, लाखों का सामान जलकर खाक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed