August 10, 2026

Faridabad News: फरीदाबाद में घर के बाहर साइकिल चला रहे 7 साल के मासूम पर पलटा ई-रिक्शा, मौत

0
Faridabad News: फरीदाबाद में घर के बाहर साइकिल चला रहे 7 साल के मासूम पर पलटा ई-रिक्शा, मौत

घर के टी-प्वाइंट पर साइकिल चला रहे मासूम को ई-रिक्शा ने कुचला, चालक गिरफ्तार

Faridabad News: फरीदाबाद के सेक्टर-31 इलाके में शनिवार की ढलती शाम एक हंसते-खेलते परिवार के लिए कभी न भूलने वाला मातम लेकर आई। घर के ठीक बाहर दोस्तों के साथ बेफिक्र होकर साइकिल चला रहे सात साल के मासूम सक्षम रावत की ई-रिक्शा की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। टी-प्वाइंट पर हुए इस हादसे का एक दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं।

साइकिल से टकराया रिक्शा, बचाने के चक्कर में बच्चे पर ही पलट गई गाड़ी

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा (फतेहाबाद) निवासी अजय रावत नोएडा की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और बीते कई सालों से फरीदाबाद में रह रहे हैं। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उनका इकलौता बेटा सक्षम घर के बाहर गली में अपनी छोटी साइकिल दौड़ा रहा था। गली के मोड़ पर बने टी-प्वाइंट के पास जैसे ही सक्षम पहुंचा, सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा से उसकी साइकिल की हल्की टक्कर हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि ई-रिक्शा चालक ने बच्चे को बचाने की हड़बड़ाहट में वाहन को साइड में बने रैंप पर चढ़ा दिया।

पानी की बोतलों से लदा था रिक्शा, सिर में चोट लगने से तोड़ा दम

ई-रिक्शा में पीने के पानी की भारी-भरकम बोतलें लदी हुई थीं, जिसके कारण उसका वजन काफी ज्यादा था। रैंप पर चढ़ते ही अचानक ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिरे मासूम सक्षम के ऊपर जा पलटा। चीख-पुकार और भारी गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर घर में मौजूद पिता अजय रावत और आसपास के पड़ोसी भागे-भागे बाहर आए।

लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद भारी-भरकम रिक्शा उठाकर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसके सिर से काफी खून बह चुका था। आनन-फानन में परिजन बच्चे को पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी एएसआई निजामुद्दीन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पीड़ित पिता अजय रावत की शिकायत के आधार पर ई-रिक्शा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। इस दुखद खबर के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें– Rewari Accident: रेवाड़ी में बहन को तीज देकर लौट रहे दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed