August 10, 2026

Kaithal Dowry Death: कैथल में दहेज की बलि चढ़ी 24 साल की नवविवाहिता, सुसाइड नोट में लिखा- ‘गरीब की बेटियों की बलि बंद करो’

0
Kaithal Dowry Death: कैथल में दहेज की बलि चढ़ी 24 साल की नवविवाहिता, सुसाइड नोट में लिखा- 'गरीब की बेटियों की बलि बंद करो'

कैथल पुंज मोहल्ला सुसाइड केस: शादी के 9 महीने बाद फंदे पर झूली ज्योति, पति नवीन समेत 5 पर FIR

Kaithal Dowry Death: दहेज रूपी दानव ने एक और हंसती-खेलती मासूम की जिंदगी लील ली। कैथल शहर के पुंज मोहल्ला इलाके से बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 9 महीने बाद ही 24 वर्षीय विवाहिता ज्योति ने अपने ससुराल में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कदम उठाने से पहले मृतका ने दो पन्नों का एक बेहद भावुक और आंखें नम कर देने वाला सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपने पति और ससुरालियों के जुल्मों की दास्तान बयां की है।

‘सब कुछ दे दिया, फिर भी नहीं भरा लालच’

मृतका के मामा बजरंग राज ने रोते हुए बताया कि उनकी भांजी ज्योति का विवाह नवंबर 2025 में रैली गोदाम निवासी नवीन बंसल के साथ हुआ था। उन्होंने अपनी समर्थता से बढ़कर शादी में सारा सामान और दान-दहेज दिया था। लेकिन शादी के कुछ ही हफ्तों बाद ससुराल वालों की नीयत बदल गई और वे और दहेज की मांग को लेकर ज्योति को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आए दिन मिलने वाले तानों और मारपीट से तंग आकर आखिरकार ज्योति ने मौत का रास्ता चुन लिया।

‘अगर गरीब के लिए न्याय नहीं, तो बेटियों की बलि बंद करो’

आत्महत्या से ठीक पहले ज्योति द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट के पन्ने अब हर किसी का कलेजा छलनी कर रहे हैं। ज्योति ने अपने खत में लिखा, “मेरे गरीब माता-पिता ने अपनी औकात से ज्यादा सब कुछ दिया, लेकिन मेरे ससुराल वालों का लालच कभी खत्म ही नहीं हुआ। आज मेरा सब कुछ छिन गया है। अगर सच में इस दुनिया में गरीब इंसान के लिए कोई न्याय नहीं बचा है, तो मेहरबानी करके गरीब की बेटियों की इस तरह बलि चढ़ाना बंद कर दिया जाए।” इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।

जांच अधिकारी बोले- सुसाइड नोट के आधार पर केस दर्ज, होगी सख्त कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही कैथल शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले के जांच अधिकारी एसआई महीपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत और मृतका के पास से बरामद सुसाइड नोट के आधार पर पति नवीन बंसल समेत ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या (BNS की संबंधित धाराओं) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें– कैथल में डाक कांवड़ियों की पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, पेड़ से टकराई गाड़ी, सिरसा जा रहे 6 शिवभक्त घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed