Train AC Vent Viral: ट्रेन के AC वेंट से ठंडी हवा नहीं, निकले चिप्स के रैपर और प्लास्टिक कप, देखकर भड़के लोग

ट्रेन के AC वेंट से ठंडी हवा नहीं, निकले चिप्स के रैपर और प्लास्टिक कप, देखकर भड़के लोग
Train AC Vent Viral: ट्रेन से सफर करते समय अक्सर यात्रियों की शिकायत होती है कि डिब्बे में एसी ठीक से काम नहीं कर रहा या अचानक ठंडी हवा आनी बंद हो गई है। आमतौर पर लोग इसके लिए सीधे तौर पर रेलवे के मेंटेनेंस विभाग को कोसने लगते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर इन दिनों तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने इस अव्यवस्था के पीछे की जो असली और कड़वी सच्चाई दिखाई है, उसे देखकर किसी के भी होश उड़ जाएंगे। ट्रेन के जिस एसी वेंट से यात्रियों को ठंडी हवा मिलनी चाहिए थी, वहां कचरे का पूरा पहाड़ जमा था।
X (पूर्व में ट्विटर) पर सुभाजित दास नाम के यूजर द्वारा शेयर किया गया यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के डिब्बे में एक रेलवे मेंटेनेंस कर्मचारी स्क्रूड्राइवर से एसी वेंट की ऊपरी ग्रिल को खोल रहा है। कर्मचारी को भी शायद अंदाजा नहीं था कि ग्रिल हटते ही अंदर से ऐसा नजारा देखने को मिलेगा जो किसी को भी शर्मसार कर दे।
चिप्स के रैपर और प्लास्टिक कप से पूरी तरह ब्लॉक था एसी वेंट
जैसे ही कर्मचारी ग्रिल अलग करता है, एसी वेंट के भीतर हवा बहने का रास्ता पूरी तरह बंद दिखाई देता है। उस संकरी सी जगह के अंदर यात्रियों ने खाकर फेंके गए चिप्स के पैकेट, इस्तेमाल किए हुए चाय के प्लास्टिक कप और अन्य कूड़ा-कचरा जबरदस्ती ठूंस रखा था। मेंटेनेंस कर्मी ने कपड़े और हाथ की मदद से उस सारे कचरे को खींचकर बाहर निकाला, जिससे कुछ ही देर में नीचे कचरे का ढेर लग गया।
यह वीडियो महज एक वायरल क्लिप नहीं है, बल्कि सार्वजनिक सुविधाओं का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों की नागरिक समझ और ‘सिविक सेंस’ पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। ट्रेनों के हर डिब्बे में और गैलरी के पास डस्टबिन की सुविधा होती है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग सिर्फ अपनी सहूलियत और आलस के चक्कर में कूड़े को ऐसी जगहों पर छिपा देते हैं, जहां किसी की नजर आसानी से न पड़े।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा, उठी सख्त जुर्माने की मांग
जबतक हमारे देश का आम आदमी का सिविक सेंस का कमी रहेगा तबतक हमे अच्छे सुविधा सुयोग नहीं मिलने वाला है क्यों आपको बताता हूं
देखिए इस वीडियो को अच्छा से Train में जो AC लगता है उसके अंदर ही लोग खाने के बाद कचरा डस्टबिन में डालने की जगह,
AC के पास जो हवा पास करने के लिए ग्रिल रहता… pic.twitter.com/rqn6o2Ping
— Subhajit Das (@SantaniSubhajit) August 10, 2026
इस वीडियो के सामने आते ही कमेंट सेक्शन में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने अपने कड़वे अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने खुद ट्रेनों में लोगों को सीट के नीचे, बोगी के कोनों में या दरवाजों के पीछे कूड़ा फेंकते देखा है। लोगों का कहना है कि जो यात्री ट्रेन में सुविधाओं की कमी का ढिंढोरा पीटते हैं, वही खुद ऐसी हरकतों से मशीनों और सिस्टम को ठप करने के जिम्मेदार हैं।
नेटिजन्स अब इस बात पर बहस कर रहे हैं कि इस समस्या पर काबू कैसे पाया जाए। कई लोगों का सुझाव है कि ट्रेनों के अंदर निगरानी बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे का इस्तेमाल होना चाहिए और इस तरह की हरकतों पर भारी जुर्माना लगाया जाना चाहिए। वहीं, कुछ यूजर्स का कहना है कि जब तक लोग खुद सार्वजनिक संपत्ति को अपनी संपत्ति नहीं मानेंगे, तब तक कोई भी नियम इस गंदी आदत को नहीं बदल सकता।
यह भी पढ़ें– Haryana News: 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी
