August 13, 2026

Rajasthan Road Accident: सिरोही में कांडला हाईवे पर ओवरटेक की वजह से बड़ा हादसा, 2 की मौत, बाड़ में जा गिरे तीन बाइक सवार

0
Rajasthan Road Accident: सिरोही में कांडला हाईवे पर ओवरटेक की वजह से बड़ा हादसा, 2 की मौत, बाड़ में जा गिरे तीन बाइक सवार

सिरोही में कांडला हाईवे पर ओवरटेक की वजह से बड़ा हादसा, 2 की मौत

Rajasthan Road Accident: राजस्थान के सिरोही जिले के रेवदर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह कांडला हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के पास करीब 9:45 बजे ट्रेलर, लोडिंग टेम्पो और दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग उछलकर सड़क किनारे लगी बाड़ में जा गिरे। रेवदर थाने के ASI गणेश राम के अनुसार, ट्रेलर और लोडिंग टेम्पो रेवदर से करेली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान लोडिंग टेम्पो ट्रेलर को ओवरटेक कर रहा था, जबकि दोनों बाइक करेली से रेवदर की तरफ आ रही थीं।

 

टक्कर के बाद बाड़ में जा गिरे तीनों बाइक सवार

ओवरटेक के दौरान लोडिंग टेम्पो की सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग उछलकर हाईवे के किनारे लगी बाड़ में जा गिरे। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। राहगीरों ने तीनों को बाड़ से बाहर निकाला और रेवदर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

 

अस्पताल में दो को मृत घोषित किया

रेवदर अस्पताल में डॉक्टरों ने लखमाराम (67) पुत्र मूलाराम कोली निवासी करेली और अशोक गिरी पुत्र प्रताप पुरी निवासी हड़मतिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं दशरथ प्रजापत निवासी पीथापुरा घायल हुए हैं। दशरथ को अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव रेवदर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिए हैं और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

 

बिजली विभाग से रिटायर्ड थे लखमाराम

हादसे में जान गंवाने वाले लखमाराम बिजली विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। बताया गया है कि उनके दो बेटों की पहले ही मौत हो चुकी है। वह करेली में अपनी पत्नी और दो पोतों के साथ रहते थे। लखमाराम की मौत की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई के लिए शव मॉर्च्युरी में रखवाए हैं।

 

दोनों वाहन चालक मौके से फरार

हादसे की सूचना मिलते ही रेवदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राहगीर घायल तीनों बाइक सवारों को अस्पताल ले जा चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद अस्पताल पहुंचकर मृतकों और घायल से संबंधित जानकारी जुटाई। हादसे के बाद ट्रेलर और लोडिंग टेम्पो के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों चालकों की तलाश कर रही है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *